रेवाड़ी। शहर के सेक्टर-4 स्थित जिमखाना क्लब रोड का नए सिरे से निर्माण किया जाएगा। साथ ही जलनिकासी व्यवस्था सुधारने के लिए ड्रेनेज लाइन की मरम्मत की जाएगी। नगर परिषद ने इन कार्यों पर 1.4 करोड़ रुपये खर्च करने का निर्णय लिया है। सड़क सीमेंट-कंक्रीट (सीसी) की बनाई जाएगी।
जिमखाना क्लब रोड प्रमुख सड़क है। इस सड़क से प्रतिदिन बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी, वाहन चालक और आसपास के क्षेत्रों के लोग गुजरते हैं। कई वर्षों से इस सड़क की हालत खराब है। जगह-जगह गड्ढे बनने से आवागमन में परेशानी होती है।
बारिश के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो जाती थी। जलभराव के कारण आवागमन प्रभावित होता है। स्थानीय निवासी राजेश व राहुल ने बताया कि सड़क की मरम्मत और जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त कने की मांग उठाई थी।
कहा कि खराब सड़क के कारण न केवल दुर्घटना का खतरा बना रहता है। जलनिकासी ठीक से नहीं होने के कारण जलभराव होता है। आसपास के घरों और दुकानों को भी परेशानी होती है। इन समस्याओं को देखते हुए नगर परिषद ने इस सड़क के पुनर्निर्माण की योजना को मंजूरी दी है।
जिमखाना रोड को सीसी बनाने से यह मजबूत और टिकाऊ होगी। सीसी रोड बनने से सड़क की गुणवत्ता लंबे समय तक बनी रहेगी और बार-बार मरम्मत की आवश्यकता भी नहीं पड़ेगी। इससे वाहन चालकों को बेहतर और सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।
नालियों की सफाई भी कराई जाएगी
अधिकारियों के अनुसार कई जगहों पर ड्रेनेज लाइन क्षतिग्रस्त हो चुकी है या उनमें गाद भर गई है। इसके कारण बारिश का पानी सही तरीके से नहीं निकल पाता। इस कार्य के तहत नालियों की सफाई, मरम्मत और जरूरत पड़ने पर पाइप लाइन को भी बदला जाएगा, ताकि बारिश के समय पानी का निकास सुचारू रूप से हो सके। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार इस सड़क के निर्माण से सेक्टर-4 के निवासियों को काफी राहत मिलेगी और क्षेत्र की आधारभूत सुविधाओं में भी सुधार होगा।
वर्जन
जिमखाना रोड के निर्माण को लेकर टेंडर जारी किया जा चुका है। टेंडर की प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण कार्य शुरू करवा दिया जाएगा।
-अंकित, एक्सईएन, नगर परिषद रेवाड़ी