रेवाड़ी। कांग्रेस पार्टी की प्रदेश अध्यक्ष कुमारी सैलजा ने कोरोना के बढ़ते मामलों पर गहरी चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में कोरोना से लड़ाई में सहयोग के लिए आगे आए केंद्र सरकार व दिल्ली की तर्ज पर तीन गुना टेस्टिंग की जानी जरूरी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में संक्रमण के फैलने की रफ्तार देश में सबसे ज्यादा है। हरियाणा में महज 8 दिनों में मामले डबल हो रहे हैं।
वे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पूर्व मंत्री कैप्टन अजय सिंह यादव की मां व रेवाड़ी विधायक चिरंजीव राव की दादी के बुधवार को हुए निधन के बाद वीरवार को शोक व्यक्त करने पहुंचीं थीं। उनके साथ राज्यसभा सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा, विधायक नूंह आफताब अहमद, विधायक फरीदाबाद नीरज शर्मा, विधायक जींद कृष्ण मिड्डा, पूर्व मंत्री एम एल रंगा, पूर्व मंत्री विक्रम ठेकेदार, पूर्व मंत्री जसवंत सिंह, पूर्व मंत्री राव नरेंद्र, पूर्व विधायक कापडीवास, पूर्व विधायक अटेली नरेश यादव, पूर्व विधायक बहादुर सिंह, पूर्व जिला प्रमुख सतीश यादव, राजेंद्र ठेकेदार, राव कमलबीर, सुधीर चौधरी, डा. शमशुदीन, मोहित मदनलाल ग्रोवर, सुबे सिंह बोहरा, अमन अहमद, राजाराम गोलवा, वर्धन यादव, राजन राव, तेज बहादुर सिंह सहित अनेक नेता व सामाजिक लोग पहुंचे। सभी ने पूर्व मंत्री कैप्टन अजय सिंह यादव व विधायक चिरंजीव राव सहित पूरे परिवार से मिलकर संवेदनाएं प्रकट की व पुण्य आत्मा को श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि केंद्र सरकार को हरियाणा की मदद के लिए आगे आना चाहिए। सरकार को हरियाणा के दिल्ली, गुजरात या महाराष्ट्र बनने का इंतजार नहीं करना चाहिए और वक्त रहते सही कदम उठाने चाहिए। हरियाणा दिल्ली को तीन ओर से घेरता है और प्रदेश का बड़ा क्षेत्रफल एनसीआर में आता है। हरियाणा में आज भी प्राइवेट लैब टेस्टिंग के 4500 रुपये ले रही हैं। दिल्ली की तरह यहां भी टेस्ट का रेट ज्यादा से ज्यादा 2400 रुपये तय करने की जरूरत है। राज्यसभा सांसद दीपेंद्र ने इस दौरान लद्दाख में शहीद हुए जवानों को भी याद किया। उन्होंने शहीद परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि जवानों की शहादत भारत बर्दाश्त नहीं करेगा। सरकार को चीन के दुस्साहस को गंभीरता से लेना चाहिए।