भिवाड़ी। पथरेडी (चौपानकी) औद्योगिक क्षेत्र में मदरसन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के कर्मचारियों का वेतन वृद्धि और बेहतर कामकाजी हालात को लेकर चल रहा धरना-प्रदर्शन बुधवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। कर्मचारियों ने 20 हजार सैलरी के साथ ओवरटाइम मानदेय 100 रुपये प्रति घंटा करने की मांग की।
कर्मचारियों ने सुबह सात बजे कंपनी गेट पर पहुंचकर धरना शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही भिवाड़ी थाना, चोपानकी थाना और यूआईटी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मजदूरों को समझाने का प्रयास किया।
प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा और किसी तरह की तोड़फोड़, आगजनी या उग्र घटना की सूचना नहीं है लेकिन मजदूर अपनी मांगों पर अडिग हैं। उन्होंने साफ कहा कि जब तक मांगें पूरी नहीं होती हैं तो धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा।
कंपनी प्रबंधन और कर्मचारियों के बीच हुई वार्ता में प्रबंधन ने सैलरी 12 हजार रुपये से बढ़ाकर 16 हजार रुपये करने का प्रस्ताव दिया है लेकिन कर्मचारियों ने इसे ठुकराते हुए 20 हजार मासिक सैलरी और ओवरटाइम रेट में सुधार की मांग की है।
कर्मचारियों ने कंपनी में डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ की व्यवस्था करने सहित एचआर डिपार्टमेंट द्वारा कर्मचारियों के साथ बदसलूकी अभद्र व्यवहार और महिला श्रमिकों को प्रताड़ित किए जाने पर उनके खिलाफ कार्रवाई करने की भी मांग की है।
साथ ही घरना में शामिल किसी भी पर एफआईआर दर्ज नहीं करने और उन्हें कंपनी से बाहर नहीं निकालने की मांग भी है। राहुल कुमार ने बताया कि कंपनी में उनके साथ मारपीट की गई जिससे उनके पैर में फ्रैक्चर हो गया। उन्होंने अन्य मजदूरों की सहमति से मांग-पत्र सौंपा है।
खुशखेड़ा क्षेत्र की एक अन्य कंपनी में भी प्रदर्शन
खुशखेड़ा क्षेत्र की एक अन्य कंपनी में भी मजदूरों ने सुबह करीब तीन घंटे प्रदर्शन किया। हालांकि पुलिस के समझाने के बाद समाप्त कर दिया गया।
भिवाड़ी के औद्योगिक क्षेत्र में हाल ही में हरियाणा में न्यूनतम मजदूरी बढ़ोतरी के बाद मजदूरों में असंतोष बढ़ा है जो अब मदरसन जैसी कंपनियों तक पहुंच गया है। कंपनी में हजारों कर्मचारी कार्यरत हैं जिनमें बड़ी संख्या महिलाओं की भी है।