शनिवार देर शाम रेवाड़ी-बावल रोड पर चांदपुर की ढाणी के समीप मुख्य सड़क के किनारे बने घरों के सामने बने चबूतरों को हटाने पहुंचे लोक निर्माण विभाग के एसडीओ के खिलाफ रविवार को चांदपुर की ढाणी निवासी मंजू यादव ने महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार करने की शिकायत थाना मॉडल टाउन पुुलिस को दी है। पुलिस को दी गई शिकायत में मंजू यादव ने आरोप लगाया है कि एसडीओ दर्शन सिंह ने बिना सूचना दिए उनके घर के सामने गहरा गड्ढा खोदकर रास्ता बंद कर दिया है। उन्होंने कहा कि शहर से दो किमी दूर होने के बावजूद एसडीओ ने रंजिश में उनके घर के समाने से मिट्टी उठाकर गड्ढा किया तथा वहां पर उपस्थित महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए गाली-गलोच की। उन्होंने मॉडल थाना में दी गई शिकायत में एसडीओ के खिलाफ एफआइआर दर्ज कर कार्रवाई करने मांग की।
------------------
एसडीओ दर्शन सिंह का कहना है कि पुलिस की उपस्थिति में विभाग की जमीन पर अवैध कब्जे हटाएं हैं। धुंध की वजह से दुर्घटना की संभावना को लेकर यह कार्रवाई की गई। और कहीं भी इस प्रकार बने चबूतरों को हटाया जाएगा। वहां किसी से कोई अभद्रव्यवहार नहीं किया गया। सभी आरोप झूठे हैं।
वर्जन
सड़क के किनारे बने घरों ने अवैध रूप से चबूतरे बनाए हुए हैं, जिसके चलते सड़क पर पानी भरने से आए दिन दुर्घटनाएं होती हैं। एक महिला ने शिकायत दी है, जांच की जाएगी।
- कर्मवीर खटाना, इंस्पेक्टर, माडल टाउन थाना