संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। बारिश के साथ ओलावृष्टि से नष्ट हुई फसलों का ब्योरा दर्ज कराने के लिए मेरी फसल मेरा ब्योरा क्षतिपूर्ति पोर्टल रविवार को दोपहर बाद खोल दिया गया। अब किसान इस पोर्टल पर अपनी खराब फसलों का ब्योरा दर्ज करवा सकते हैं।
किसान अपने एंड्रायड मोबाइल फोन से फसल खराबे की रिपोर्ट मेरी फसल मेरा ब्योरा पोर्टल पर अपलोड कर सकते हैं। जिनके पास एंड्रायड मोबाइल फोन नहीं है, वह सीएससी (अटल सेवा केंद्र) पर जाकर रिपोर्ट अपलोड करा सकते हैं। पोर्टल पर रिपोर्ट अपलोड करने के लिए किसान अपना मोबाइल नंबर का भी इस्तेमाल कर सकते हैं जो फसल रजिस्ट्रेशन के समय अपलोड करवाया था। इसके अलावा परिवार पहचान पत्र के आईडी नंबर से या फिर फसल रजिस्ट्रेशन के समय जो आईडी नंबर मिला था, उससे भी फसल खराबे की रिपोर्ट अपलोड की जा सकती है। हालांकि यह प्रक्रिया किसानों को जल्द से जल्द करनी होगी, क्योंकि इसके बाद जिला राजस्व विभाग की तरफ से बर्बाद हुई फसलों की गिरदावरी करवाई जाएगी और उसके बाद किसानों को मुआवजा वितरित किया जाएगा।
सरकार का आदेश मिलने के बाद प्रशासन की टीम खराब फसल का आकलन कर रही है। कोसली विधायक अनिल यादव ने कहा है कि ओलावृष्टि से प्रभावित हुई फसलों की शीघ्र ही गिरदावरी करवाई जाएगी। इस संदर्भ में उपायुक्त को पत्र लिखा है। उन्होंने गांव ऊंचा, बोहका, ढाणी जरावत आदि में ओलावृष्टि से खराब हुई फसलों का अवलोकन करने के बाद किसानों से बातचीत भी की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भी इस बारे में उपायुक्त से रिपोर्ट मांगी है। विधायक ने कहा कि हरियाणा सरकार किसानों को किसी प्रकार का आर्थिक नुकसान नहीं होने देगी।
वर्जन:
ओलावृष्टि से कितना नुकसान हुआ है, इसका आकलन किया जा रहा है। आकलन के लिए टीमें कार्य कर रही हैं।
- दीपक यादव, एसडीओ, कृषि विभाग