रेवाड़ी। रसोई गैस और कॉमर्शियल सिलिंडर की कमी को लेकर एसयूसीआई (कम्युनिस्ट) के राज्य सचिव कॉमरेड राजेंद्र सिंह ने सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकारी और प्रशासनिक दावों के बावजूद हकीकत यह है कि आम उपभोक्ता चिंतित और परेशान हैं। शहर हो या गांव लगभग हर परिवार रसोई गैस पर निर्भर है।
वर्तमान समय में सिलिंडर की कमी से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कॉमर्शियल सिलिंडर की अनुपलब्धता के कारण शादी जैसे जरूरी आयोजनों पर भी असर पड़ रहा है। छोटे दुकानदार, रेहड़ी-खोमचे वाले और फूड स्टॉल संचालक गैस सिलिंडर के सहारे ही खाद्य सामग्री तैयार कर अपने परिवार का गुजारा करते हैं। अब सिलिंडर नहीं मिलने से उनकी आजीविका प्रभावित हो रही है।
अब कई लोगों का काम ठप होने की स्थिति में पहुंच गया है। राजेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि रसूखदार लोग किसी न किसी तरीके से सिलिंडर हासिल कर लेते हैं जबकि आम लोगों को इसकी सबसे ज्यादा मार झेलनी पड़ रही है। उन्होंने सरकार से मांग की कि रसोई गैस और कॉमर्शियल सिलिंडर की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि संकट की आड़ में हो रही काला बाजारी पर सख्ती से रोक लगाने और स्थिति को लेकर आम जनता के सामने स्पष्ट जानकारी देने की भी मांग की।