रेमडेसिविर इंजेक्शन के लिए अस्पतालों में भर्ती कोरोना मरीजों के लिए इंजेक्शन लाने को परिजन लगातार अधिकारियों के दफ्तरों के चक्कर लगा रहे थे, जिस पर संज्ञान लेते हुए डीसी यशेंद्र सिंह ने रेमडेसिविर इंजेक्शनों के लिए कमेटी का गठन किया है। जिसमें नागरिक अस्पताल रेवाड़ी के तीन डॉक्टरों व सीटीएम इंजेक्शन के लिए फाइनल अप्रूवल देंगे।
इसके लिए मरीज या उसके एटेंडेंटकी बजाए अस्पताल के प्रतिनिधि कमेटी के समक्ष फार्म भरकर देंगे। यह कमेटी डॉक्टरों की सलाह पर तय करेगी कि किस मरीज को इंजेक्शन की ज्यादा जरूरत है। इसके बाद ही इंजेक्शन दिया जाएगा। कमेटी में तीन डॉक्टरों को शामिल किया गया है तथा अंतिम स्वीकृति सीटीएम देंगे।
प्रशासन ने रेमडेसिविर इंजेक्शन के वितरण के लिए डॉ. महेश नारंग, डॉ. सुमित कौशिक व डॉ. जेके सैनी को शामिल किया गया है। आवेदन मिलने के उपरांत कमेटी सुबह व शाम दोनों वक्त फैसला लेगी कि जिन मरीजों के नामों को तय किया जाएगा, उन्हें ही इंजेक्शन दिया जाएगा। फार्म को सीएमओ कार्यालय में जमा करना होगा। उपायुक्त ने बताया कि रेमडेसिविर इंजेक्शन के लिए गठित टीम प्रतिदिन दो बार बैठेगी। जिसमें प्राइवेट अस्पताल के प्रतिनिधि आवेदन देंगे। टीम सुबह 10 से 11 बजे और शाम चार से पांच बजे तक नागरिक अस्पताल में बैठेगी।
फार्म के साथ देने होंगे ये कागजात
मरीज का आधार कार्ड, डॉक्टर का सुझाव, चेस्ट का सिटी स्कैन या एचआर सिटी व कोविड रिपोर्ट।