रेवाड़ी। होली पर्व पर यात्रियों की संभावित भीड़ को देखते हुए कोयम्बटूर-भगत की कोठी-कोयम्बटूर स्पेशल ट्रेन का संचालन किया जा रहा है।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कैप्टन शशि किरण के अनुसार गाड़ी संख्या 06181, कोयम्बटूर-भगत की कोठी स्पेशल ट्रेन का 14 मार्च, 21 मार्च, 28 मार्च और 4 अप्रैल को कोयम्बटूर से वीरवार को 2.30 बजे रवाना होकर शनिवार को 11.30 बजे भगत की कोठी पहुंचेगी। इसी प्रकार गाड़ी संख्या 06182, भगत की कोटी-कोयम्बटूर स्पेशल ट्रेन 17 मार्च, 24 मार्च, 31 मार्च और 7 अप्रैल को भगत की कोठी से रविवार को 19.30 बजे रवाना होकर मंगलवार को 9.30 बजे कोयम्बटूर पहुंचेगी। इस ट्रेन में 4 थर्ड एसी, 7 थर्ड एसी इकोनोमी, 1 द्वितीय शयनयान, 4 द्वितीय साधारण श्रेणी समेत 18 डिब्बे होंगे।
अजमेर-किशनगंज ट्रेन का होगा मार्ग परिवर्तित
उत्तर पूर्व रेलवे द्वारा मऊ-शाहगंज रेलखंड के मध्य खुरहट-मुहम्मदाबाद-सठियांवद स्टेशनों के मध्य तकनीकी कार्य के कारण नॉन इंटरलॉकिंग कार्य किया जा रहा है। इस कार्य से रेल यातायात प्रभावित रहेगा। गाड़ी संख्या 15716, अजमेर-किशनगंज ट्रेन 14 अप्रैल को अजमेर से प्रस्थान करेगी। निर्धारित मार्ग शाहगंज-मऊ के स्थान पर परिवर्तित मार्ग वाया शाहगंज-जौनपुर-औड़िहार-मऊ होकर संचालित होगी। गाड़ी संख्या 15716, अजमेर-किशनगंज ट्रेन 19 मार्च को अजमेर से प्रस्थान करेगी।
उदयपुर-योगनगरी ऋषिकेश एक्सप्रेस का कांधला स्टेशन पर ठहराव
रेलवे प्रशासन द्वारा रेल यात्रियों की सुविधा के लिए उदयपुर- योगनगरी ऋषिकेश एक्सप्रेस आगामी आदेशों तक कांधला स्टेशन पर ठहराव दिया जा रहा है। उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी के अनुसार गाड़ी संख्या 19609, उदयपुर-योगनगरी ऋषिकेश एक्सप्रेस 14 मार्च से उदयपुर से प्रस्थान करेगी यह कांधला स्टेशन पर 4.32 बजे आगमन व 4.34 बजे प्रस्थान करेगी।