रेवाड़ी रेलवे स्टेशन पर खड़ी ट्रेन। संवाद
रेवाड़ी। गर्मी की छुट्टियों में यात्रियों की भीड़ बढ़ने की संभावना को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने रेवाड़ी से होकर गुजरने वाली पांच जोड़ी ट्रेनों में 1 मई से 31 मई तक डिब्बे बढ़ाए हैं। इसका सीधा लाभ रेवाड़ी के यात्रियों को मिलेगा। इससे यात्रियों को कंफर्म टिकट मिलने में आसानी होगी और लंबी वेटिंग की समस्या में कमी आएगी।
रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुदर्शन ने बताया कि रेवाड़ी रूट की प्रमुख ट्रेनों में मदार-रेवाड़ी-मदार, रेवाड़ी-फुलेरा-रेवाड़ी व रेवाड़ी-हिसार-रेवाड़ी और जयपुर-रेवाड़ी-जयपुर शामिल हैं। इन सभी ट्रेनों में 5-5 साधारण श्रेणी के डिब्बे बढ़ाए गए हैं, जिससे दैनिक यात्रियों को राहत मिलेगी।
इसके अलावा अजमेर-दिल्ली सराय रोहिल्ला जन शताब्दी में एक एसी चेयर कार और दिल्ली सराय रोहिल्ला-उदयपुर सिटी में एक थर्ड एसी और एक स्लीपर कोच जोड़ा गया है।
रेवाड़ी जंक्शन उत्तर भारत का एक महत्वपूर्ण रेलवे हब है जहां से दिल्ली, जयपुर, हिसार, अजमेर और फुलेरा की ओर जाने वाली कई प्रमुख ट्रेनें गुजरती हैं। गर्मियों में यात्रियों की संख्या में अचानक वृद्धि होती है। लोग गर्मी की छुट्टियों में परिवार के साथ घूमने जाते हैं।
ऐसे में अतिरिक्त कोच लगाने का उद्देश्य यात्रियों को बेहतर सुविधा देना और भीड़ को नियंत्रित करना है। रेवाड़ी से चलने और गुजरने वाली ट्रेनों में अक्सर लंबी वेटिंग रहती है, जिससे परेशानी का सामना करना पड़ता है।
अब अतिरिक्त डिब्बों की व्यवस्था से उन्हें राहत मिलने की उम्मीद है। खासकर दैनिक अप-डाउन करने वाले यात्रियों, छात्रों और नौकरीपेशा लोगों को इससे सीधा फायदा मिलेगा।