बावल। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 23 अगस्त को बावल अनाज मंडी में मेघवाल उत्थान समिति की ओर से आयोजित होने वाले अनुसूचित जाति समरसता सम्मेलन एवं प्रतिभा सम्मान समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर पुलिस प्रशासन ने शनिवार को सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को अंतिम रूप दे दिया है।
पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र कुमार मीणा ने कार्यक्रम स्थल का दौरा कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ रिहर्सल की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एसपी ने कार्यक्रम स्थल तक आने वाले सभी मार्गों और वैकल्पिक रास्तों का भी निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने कार्यक्रम स्थल के आसपास बैरिकेडिंग, वाहनों की पार्किंग, सफाई, शौचालय, वीवीआईपी और मीडिया दीर्घा, जांच केंद्र, हेलीपैड तथा आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों का जायजा लिया।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु रहे और किसी भी मार्ग पर जाम की स्थिति उत्पन्न न हो। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की चूक नहीं होनी चाहिए।
एसपी ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सतर्क एवं सजग रहकर ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए। उन्होंने असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखने और संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु दिखाई देने पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा।
उन्होंने आमजन से भी अपील की कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की जानकारी तुरंत पुलिस को दें तथा अफवाहों पर ध्यान न देते हुए कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।
सुरक्षा के लिए लगाए गए 10 नाके
सुरक्षा की दृष्टि से बावल में 10 नाके लगाए गए हैं। असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा दंगा निरोधक दस्ता, बम निरोधक दस्ता, आंसू गैस दस्ता और वज्र वाहन भी तैनात किए गए हैं। एसपी ने कहा कि कार्यक्रम की आड़ में किसी भी प्रकार की आपराधिक या असामाजिक गतिविधि करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। रिहर्सल के दौरान पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय संजीव बल्हारा, पुलिस उपाधीक्षक बावल सुरेंद्र श्योराण, पुलिस उपाधीक्षक कोसली विद्यानंद, पुलिस उपाधीक्षक यातायात पवन कुमार सहित कार्यक्रम में तैनात अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
अधिकारियों से बातचीत करते पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र कुमार मीणा। संवाद