संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। मेगा स्वच्छता अभियान के तहत शनिवार को विधायक लक्ष्मण सिंह यादव की गैर मौजूदगी में उनकी पत्नी सविता यादव तथा पुत्र एडवोकेट निशांत यादव के नेतृत्व में बस स्टैंड से रेडक्रॉस भवन तक सफाई अभियान चलाया गया।
कार्यक्रम का शुभारंंभ बस स्टैंड से माॅडल टाउन को जाने वाले चौक पर स्थित हनुमान जी के मंदिर में पूजा कर किया गया। यहां से मॉडल टाउन, शिव चौक, पुराना कोर्ट रोड, जेल परिसर के सामने खाली मैदान से लेकर रेडक्रॉस कार्यालय परिसर में सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान रोड़ के दोनों ओर जमी गंदगी व मिट्टी को साफ किया गया।
पुराना कोर्ट मैदान में लगाने वाले रेहड़ी संचालकों को कूड़ादान रखने तथा मैदान की साफ-सफाई के लिए दो वाॅलयंटिर्स की तैनाती का भी निर्णय लिया गया, जो मैदान तथा आसपास के क्षेत्र की सफाई व्यवस्था की निगरानी रखेंगे।
बुलडोजर से सड़क के आसपास रखी कबाड़ बनी रेहड़ियों का भी निस्तारण किया गया। जेल परिसर के कुछ हिस्से में उगे खरपतवार तथा अन्य कचरे तथा रेडक्रॉस कार्यालय परिसर को भी साफ किया गया। इस मौके पर सीडीपीओ सुमन यादव के नेतृत्व में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का सार्थक संदेश दिया तथा बेटी बचाने से जुड़े नारे भी लगाए।
एडवोकेट निशांत यादव ने कहा कि सफाई अभियान का यह 36वां सप्ताह है। सफाई अभियान को लगातार आमजन का समर्थन मिल रहा है तथा उसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। जनसहयोग से जल्द ही रेवाड़ी स्वच्छ शहरों की सूची में अग्रिम पंक्ति में खड़ा दिखाई देगा।
सफाई योद्धाओं को किया सम्मानित :
अभियान के दौरान अग्रवाल भवन में यादव कल्याण सभा, पंजाबी सभा, जांगिड़ ब्राह्मण सभा तथा अग्रवाल सभा की ओर से समापन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें सफाई अभियान के दौरान नियमित सहयोग प्रदान करने वाले गणमान्य लोगों, विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों तथा सफाई योद्धाओं को सम्मानित भी किया गया। सफाई योद्धाओं को फिट रखने के लिए योगासन भी कराए गए तथा योग को दिनचर्या का हिस्सा बनाने का भी आह्वान किया गया।