डहीना। गांव सीहा स्थित बाबा रामस्वरूपदास आश्रम और ऐतिहासिक तालाब में रविवार को सफाई अभियान चलाया गया। अभियान में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, युवाओं और ग्रामीणों ने भाग लिया। सुबह से ही सेवकों ने फावड़े, टोकरी और अन्य सफाई उपकरणों के साथ आश्रम परिसर, तालाब और आसपास के रास्तों की सफाई शुरू कर दी।
फैली गंदगी को साफ किया गया। युवाओं में सेवा भावना को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। ग्रामीणों ने कहा कि ऐसे अभियान स्वच्छता के साथ-साथ समाज में एकता और भाईचारे का संदेश भी देते हैं। लोगों ने मिलकर श्रमदान किया और धार्मिक स्थल को स्वच्छ रखने का संकल्प लिया।
महंत नरोत्तमदास महाराज ने कहा कि सेवा सबसे बड़ा धर्म है और समाज को स्वच्छ रखना हर व्यक्ति की जिम्मेदारी है। उन्होंने धार्मिक स्थलों और जलस्रोतों की सफाई बनाए रखने पर जोर दिया। वहीं दीपदास महाराज ने युवाओं की मेहनत और सेवा भावना की सराहना करते हुए कहा कि जिस गांव के युवा समाज सेवा में आगे रहते हैं, वहां हमेशा सकारात्मक माहौल बना रहता है।