रेवाड़ी। जिला शिक्षा विभाग ने मिशन बुनियाद लेवल-3 की परीक्षा में चयनित विद्यार्थियों की कक्षाएं शुरू करने की घोषणा की है। जिले के पांच बुनियाद केंद्रों में 14 मई से कक्षाएं शुरू होंगी। इस वर्ष जिले के 246 विद्यार्थी चयनित हुए हैं, जिनमें से 200 विद्यार्थियों ने काउंसलिंग में भाग लिया था।
शिक्षा विभाग ने मिशन बुनियाद के अंतर्गत पांच केंद्र स्थापित किए हैं। इन केंद्रों में कक्षा 9वीं और 10वीं के विद्यार्थियों को न केवल नियमित पाठ्यक्रम की पढ़ाई कराई जाएगी बल्कि प्रतियोगी परीक्षाओं की विशेष तैयारी भी कराई जाएगी।
इसके अतिरिक्त विकल्प फाउंडेशन के माध्यम से चयनित विद्यार्थियों को दो वर्षों तक ऑनलाइन कोचिंग की सुविधा भी प्रदान की जाएगी। काउंसलिंग में शामिल न हो पाने वाले विद्यार्थियों के लिए भी राहत का प्रावधान रखा गया है।
ऐसे विद्यार्थी संबंधित बुनियाद केंद्रों पर काउंसलिंग करवा सकते हैं। यदि इसके बाद भी भी कोई विद्यार्थी काउंसलिंग में शामिल नहीं होता है तो प्रतीक्षा सूची में शामिल 104 विद्यार्थियों को अवसर प्रदान किया जाएगा।
शिक्षा विभाग का उद्देश्य है कि किसी भी सीट को खाली न छोड़ा जाए ताकि अधिक से अधिक प्रतिभाशाली विद्यार्थी योजना का लाभ उठा सकें।
खंड चयनित परीक्षार्थी :
बावल47
जाटूसाना23
खोल38
नाहड़18
रेवाड़ी56
-
ये विद्यालय हैं बुनियाद केंद्र
राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रेवाड़ी, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रेवाड़ी, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मसानी, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कोसली और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बावल बुुनियाद केंद्र बनाए गए हैं।
वर्जन
बुनियाद लेवल-3 में चयनित 246 विद्यार्थियों में से 200 ने काउंसलिंग में भाग लिया था। योजना में कक्षा 9वीं-10वीं की पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी शामिल है। प्रतीक्षा सूची के 104 विद्यार्थियों को अवसर मिलेगा। कक्षाएं संचालित करने को लेकर तैयारियां की जा रही हैं।- रेनू यादव, जिला विज्ञान विशेषज्ञ, रेवाड़ी।