फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Rewari News: कक्षा तीन के प्रश्नपत्र स्कूलों में नहीं पहुंचे, बाद में व्हाट्सएप पर भेजा पेपर

विज्ञापन
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में अर्द्धवार्षिक परीक्षा देते विद्यार्थी। संवाद
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

रेवाड़ी। सरकारी स्कूलों में शुक्रवार से शुरू हुई अर्धवार्षिक परीक्षाओं के पहले ही दिन तीसरी कक्षा के प्रश्नपत्र कई स्कूलों तक नहीं पहुंच पाए। इसके चलते क्लस्टर स्कूलों से पेपर लेने पहुंचे प्राथमिक शिक्षकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

शुक्रवार सुबह शिक्षक निर्धारित क्लस्टर स्कूलों में प्रश्नपत्र लेने पहुंचे। अन्य कक्षाओं के प्रश्नपत्र उपलब्ध थे लेकिन तीसरी कक्षा के पेपर नहीं मिले। शिक्षकों ने इस संबंध में स्थानीय अधिकारियों को जानकारी दी। शिक्षकों के अनुसार अधिकारियों की ओर से भी स्पष्ट जवाब नहीं दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि जो प्रश्नपत्र प्राप्त हुए थे। उन्हें संबंधित स्कूलों को भेज दिया गया है। इसके बाद कक्षा तीसरी का प्रश्नपत्र एक व्हाट्सएप ग्रुप में भेजा गया। संबंधित विद्यालयों ने ग्रुप से प्रश्नपत्र डाउनलोड कर उसका प्रिंट निकलवाया और विद्यार्थियों को वितरित किया। इसके बाद विद्यार्थियों ने निर्धारित समय पर परीक्षा दी।
विज्ञापन




समन्वय की कमी से पैदा हुई स्थिति :

शिक्षकों का कहना है कि विभागीय स्तर पर आपसी समन्वय की कमी के कारण यह स्थिति बनी है। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की ओर से परीक्षा की डेटशीट जारी की जाती है, जबकि अर्धवार्षिक परीक्षाओं के प्रश्नपत्र एससीईआरटी की ओर से तैयार कर भेजे जाते हैं। दोनों स्तरों पर बेहतर समन्वय होता तो परीक्षा के पहले दिन इस तरह की परेशानी नहीं आती। पहले दिन ही प्रश्नपत्र उपलब्ध नहीं होने से परीक्षा व्यवस्था पर सवाल उठे हैं।

-

पहले दिन इन विषयों की हुई परीक्षाएं :

पहले दिन चौथी कक्षा की ईवीएस, पांचवीं की अंग्रेजी, छठी का सामाजिक विज्ञान, सातवीं की हिंदी और आठवीं का विज्ञान कक्षा नौवीं के विद्यार्थियों ने सामाजिक विज्ञान और कक्षा दसवीं के विद्यार्थियों ने विज्ञान विषय की परीक्षा दी। कक्षा 11वीं में फाइन आर्ट्स, म्यूजिक और साइकोलॉजी तथा कक्षा 12वीं में कंप्यूटर साइंस और जियोग्राफी विषय की परीक्षा आयोजित की गई। वहीं तीसरी कक्षा की अंग्रेजी विषय की परीक्षा होनी थी।



आज इन विषयों की होंगी परीक्षाएं

शनिवार को कक्षा 6 का ड्राइंग व म्यूजिक, कक्षा 7 का होम साइंस व कृषि, कक्षा 8 की हिंदी, कक्षा 9 का एनएसक्यूएफ, कक्षा 10 की संस्कृत, पंजाबी व उर्दू, कक्षा 11 की सोशियोलॉजी, बिजनेस स्टडीज व केमिस्ट्री तथा कक्षा 12 की गणित, बायो, पॉलिटिकल साइंस व पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन की परीक्षा होगी।

-

वर्जन :

प्राथमिक विद्यालयों में तीसरी कक्षा के प्रश्नपत्र नहीं भेजे गए हैं। अधिकारियों की ओर से भी यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि प्रश्नपत्र कब तक उपलब्ध होंगे। प्रश्नपत्र नहीं मिलने के कारण चौथी और पांचवीं कक्षा के विद्यार्थियों की परीक्षा ली जा रही है।
विज्ञापन


- धर्मेंद्र यादव, जिला प्रधान, राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ

-

पहले तीसरी कक्षा की अर्धवार्षिक परीक्षा नहीं होती थी। इस बार विभाग की ओर से तीसरी कक्षा की भी डेटशीट जारी की गई है। इसके चलते प्रश्नपत्र को लेकर वेंडर के स्तर पर असमंजस की स्थिति बन गई फिलहाल संबंधित विद्यालयों ने व्हाट्सएप ग्रुप से प्रश्नपत्र डाउनलोड कर उसका प्रिंट निकलवाया और विद्यार्थियों को वितरित किया। इसके बाद विद्यार्थियों ने निर्धारित समय पर परीक्षा दी।

-प्रदीप दहिया, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें