दिल्ली-जयपुर हाईवे स्थित रामसिंहपुरा डंपिंग यार्ड में आग लगने से फैल रहे प्रदूषण की शिकायत पर केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अध्यक्ष शिवदास मीणा ने निरीक्षण किया। लेकिन अधिकारियों की ओर से पहले ही आग पर काबू पाने के साथ व्यवस्था को बेहतर कर दिया गया था।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए है कि डंपिंग यार्ड की लगातार निगरानी करें। जैविक उपचार (बायोरेमिडेशन) टेंडर किया हुआ है उसे तुरंत लागू करवाएं। उन्होंने बढ़ते प्रदूषण को रोकने के लिए शहर के विभिन्न स्थानों का निरीक्षण कर शहर में कचरे के प्रबंध के लिए की जा रही व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। फैक्ट्रियों से निकलते धुएं के सवाल पर चेयरमैन ने कहा कि ऑनलाइन निगरानी की जाती है, यदि कहीं पर भी अवेहलना होती है तो कार्रवाई की जाएगी।
रामसिंपुरा में कचरा जलने से आसपास के लोगों को परेशानी के सवाल पर उन्होंने कहा कि अधिकारियों को निर्देश दे दिए हैं, जल्द ही सभी व्यवस्थाएं ठीक हो जाएगी। इस अवसर पर एसडीएम बावल मनोज कुमार, आरओ प्रदूूषण नियंत्रण बोर्ड कुलदीप, कार्यकारी अधिकारी नगर परिषद अभय सिंह, मुख्य सफाई निरीक्षक संदीप व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।