शहर की पुरानी सब्जी मंडी के कट पर तीन दिन पहले दीपावली के दिन झुकी तीन मंजिला इमारत की एक मंजिल को क्रेन और श्रमिकों की मदद से तोड़ दिया है। खतरे को देखते हुए लगातार तीसरे दिन भी आसपास की दुकानों और रास्तों को पूरी तरह बंद रखा गया है। मंजिल को ढहाने का कार्य तेजी से चल रहा है। नगर परिषद, बिजली निगम और पुलिस कर्मी मौके पर मौजूद रहे। मुख्य बाजार का आवागमन बंद होने से उसके साथ लगते अन्य बाजार के रास्तों पर पूरे दिन जाम की स्थिति बनी रही।
बिजली और आवागमन ठप्प
इमारत में दरार आने तथा एक तरफ झुक जाने के बाद से ही पुलिस ने मुख्य बाजार की तरफ से, भाड़ावास गेट तथा सर्राफा बाजार की तरफ से आने वाले रास्तों को पूरी तरह से बंद किया हुआ है। आसपास की सभी दुकानों को बंद कराया गया है। लगातार तीन दिन से दुकान बंद होने से दुकानदारों का तो नुकसान हुआ ही है। साथ ही बिजली सप्लाई भी आसपास के एरिया में ठप्प है, क्योंकि इमारत के बिल्कुल पास से हाइटेंशन लाइन गुजर रही है। इस लिहाज से खतरे को देखते हुए बिजली सप्लाई काट दी गई है। नगर परिषद के एमई अजय सिक्का दिन और रात मौके पर डट कर इमारत को तुड़वाने में लगे हुए है।
क्रेन की मदद से जारी है तोड़ने का काम
नगर परिषद की टीम बड़ी क्रेन व श्रमिकों के साथ पिछले दो दिन से इमारत को तोड़ने में लगी है। क्रेन के जरिये ही श्रमिकों को इमारत तक पहुंचाया जा रहा है। इमारत के निकट से गुजर रही बिजली लाइन की आपूर्ति बंद कर दी गई। इमारत तोड़ने के दौरान नगर परिषद के अधिकारी भी मौजूद रहे। किसी भी खतरे को ध्यान में रखते हुए अभी तक 48 घंटों में सिर्फ एक मंजिल की टूट पाई है। कार्य में तेजी लाते हुए दूसरी व पहली मंजिल को भी दो दिन में तोड़ने की संभावना है।