रेवाड़ी। बाल भवन के सभागार में शुक्रवार को हुई जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक में हरियाणा के राजस्व एवं शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल ने परिवादों की सुनवाई की। इस दौरान पानी की समस्या का समाधान नहीं होने पर उन्होंने नगर परिषद के एक्सईएन अंकित वशिष्ठ को चार्जशीट दिया। वहीं बिना सूचना के अवकाश पर जाने पर नाराजगी जताते हुए जिला नगर योजनाकार (डीटीपी) मंदीप सिंह को कारण बताओ नोटिस जारी करने का आदेश दिया।
बैठक में सेक्टर-3 में पानी की समस्या पर सुनवाई हुई। नगर परिषद के एक्सईएन अंकित वशिष्ठ शिकायत का सही जवाब नहीं दे पाए। इसके बाद मंत्री ने उनको चार्जशीट करने के आदेश दिया। इससे पहले समाधान शिविर में दो बार आई शिकायत को लेकर अनभिज्ञता पाए जताने पर एक्सईएन को चेतावनी मिली थी। सेक्टर तीन में पानी की समस्या जस की तस होने पर संतोषजनक जवाब नहीं देने पर इस बार उनको चार्जशीट कर दिया गया।
जिला नगर योजनाकार विभाग को लेकर शिकायत लगी हुई थी। डीटीपी मंदीप सिहाग के छुट्टी पर गए हैं। इसकी जानकारी डीसी को नहीं थी। इसे लापरवाही मानते हुए मंत्री ने डीटीपी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के आदेश दिया। साथ ही घटिया कार्य करने वाले ठेेकेदारों को मंत्री ने ब्लैकलिस्ट करने की चेतावनी दी।
बैठक में रखी गई 13 में से 7 शिकायतों का समाधान कर दिया गया। मंत्री विपुल गोयल ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बैठक में शिकायत आने से पहले अधिकारी उसकी अपने स्तर पर जांच करें और उस पर प्रभावी कार्यवाही कर लें तो काफी समस्याओं का निवारण प्राथमिक चरण में ही हो सकता है। उन्होंने कहा कि यह बैठक बुलाने का एक ही मकसद है कि जन शिकायतों का प्रभावी ढंग से निवारण करवाया जाए।
अधिवक्ता गोकुल चंद ने अपने प्लॉट का नक्शा पास न होने से संबंधित रखी गई शिकायत में अध्यक्ष मंत्री विपुल गोयल ने जिला नगर आयुक्त ब्रह्म प्रकाश को एनओसी जारी कर वर्ष 2003 के अनुसार नक्शा बहाल करने को कहा है। गांव बालधन खुर्द निवासी रिछपाल की अवैध खनन और रास्ते पर मिट्टी डलवाए जाने की रखी गई शिकायत के मामले में राजस्व मंत्री ने निर्देश दिए कि कोसली विधायक अनिल यादव मौके का मुआयना कर जो निर्देश देंगे, अधिकारी उसका पालन करें।
बैठक में रेवाड़ी के विधायक लक्ष्मण सिंह यादव, बावल के विधायक डॉ. कृष्ण कुमार, कोसली के विधायक अनिल यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. वंदना पोपली, नगर परिषद चेयरपर्सन पूनम यादव सहित अनेक अधिकारी तथा समिति के सरकारी व गैर सरकारी सदस्य उपस्थित रहे।
-
पेयजल आपूर्ति से संबंधित शिकायत पर कार्रवाई का निर्देश
शहर की सनसिटी सोसायटी में स्वच्छ पेयजल आपूर्ति से संबंधित शिकायत की सुनवाई करते हुए राजस्व मंत्री विपुल गोयल ने बिल्डर के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने का निर्देश दिया। पिछले परिवाद में भी यही मामला आया था। परिवादी दारा सिंह की ओर से नगर परिषद की जमीनों को कब्जे में लिए जाने से संबंधित रखी गई शिकायत में राजस्व मंत्री ने नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी सुशील कुमार को आठ एकड़ कृषि भूमि की तारबंदी, गेट तथा सरकारी जमीन का बोर्ड लगवाने के निर्देश दिए।
मंत्री बोले- दो दिन में रास्ते के कब्जा हटाया जाए
गांव करनावास के रामप्रसाद ने गांव के तीन करम रास्ते पर अवैध कब्जे होने की शिकायत दी। मंत्री विपुल गोयल ने बीडीपीओ डहीना को निर्देश दिए कि दो दिन में इन कब्जाधारियों को रास्ते से हटाया जाए। गांव भाड़ावास निवासी प्रीतम सिंह ने शिकायत रखी कि गांव के सरकारी स्कूल में केमिस्ट्री प्रवक्ता नहीं आने से बच्चों का पाठ्यक्रम पूरा नहीं हो पाया है। इस पर जिला शिक्षा अधिकारी बिजेंद्र हुड्डा ने बताया कि वहां अनुपस्थित चल रहे उक्त विषय के संबंधित प्रवक्ता ने ड्यूटी ज्वाइन कर ली है और एक अन्य टीचर को भी नियुक्त कर दिया गया है। अब अतिरिक्त कक्षाएं लगवा कर पाठ्यक्रम को पूरा करवाया जाएगा।