संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। राजकीय विद्यालय के विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच और जिज्ञासा बढाने के लिए शिक्षा विभाग की ओर से जिला स्तर पर बाल वैज्ञानिक प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसमें जिले के राजकीय विद्यालयों के विद्यार्थी हिस्सा लेंगे।
राज्य शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद गुरुग्राम की ओर से जिले में बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी लगाई जाएगी। खंडस्तर से इसकी शुरुआत होगी। जिला स्तर के बाद प्रतिभागी प्रदेश के लिए चयनित होंगे। इस प्रतियोगिता में कक्षा आठवीं से दसवीं तक के विद्यार्थी हिस्सा ले सकते हैं। प्रतियोगिता में वही विद्यार्थी हिस्सा ले सकेंगे जो हरियाणा बोर्ड या सीबीएसई से मान्यता प्राप्त राजकीय स्कूल में पंजीकृत होंगे। अगस्त के पहले सप्ताह में खंड स्तर पर यह प्रतियोगिता कराने के निर्देश दिए गए हैं। इसके बाद अगस्त के तीसरे सप्ताह में जिलास्तर पर प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।
आयोजित होने वाली प्रतियोगिताओं का विषय कृत्रिम बुद्धिमत्ता : संभाव्यता और सरोकार, मौखिक प्रश्नोत्तरी परीक्षा प्रतियोगिता, लिखित परीक्षा प्रतियोगिता, प्रश्नोत्तरी परीक्षा प्रतियोगिता, विज्ञान विषय पर भाषण की प्रस्तुति प्रतियोगिता, दृश्य प्रयोग प्रतियोगिता, विज्ञान प्रेजेंटेशन प्रतियोगिता मुख्य है।
जिले के सभी बीईओ को पत्र जारी
शिक्षा अधिकारी ने जिले के सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को प्रतियोगिता की तैयारी के लिए पत्र जारी किया है। जिले के सभी खंडों के राजकीय विद्यालयों में प्रतियोगिता जल्द करवाने के लिए डीईओ ने सभी प्रभारियों निर्देश दिए हैं। विद्यार्थियों को वैज्ञानिक प्रतियोगिता के प्रति जागरूक करने के लिए भी कहा गया है। इसके साथ ही सभी स्कूल मुखियाओं को यह निर्देश दिए जा चुके हैं कि वे खंड एवं जिला स्तरीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी के आयोजन से संबंधित जरूरत का सामान विद्यार्थियों को उपलब्ध करवा दी जाए।
वर्जन :
खंड शिक्षा अधिकारियों को पत्र जारी कर दिया गया है। वह अपने खंड के विद्यालयों के मुखिया को प्रतियोगिता के लिए निर्देशित करेंगे। स्कूल में प्रदर्शनी के बारे में जागरूकता विद्यार्थियों को जागरूक किया जाएगा। उप विषयों के आधार पर मॉडल के बारे में सोचने और डिजाइन करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
- रेनू यादव, जिला विज्ञान विशेषज्ञ, शिक्षा विभाग रेवाड़ी।