रेवाड़ी। निपुण हरियाणा मिशन के तहत शुक्रवार को राजकीय मॉडल संस्कृति प्राथमिक विद्यालय जलियावास में जिलास्तरीय निपुण रामलीला मंचन प्रतियोगिता हुई। इसमें सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों ने सीता स्वयंवर, शूर्पणखा वध और रावण-अंगद संवाद का मंचन किया। प्रतियोगिता में राजकीय प्राथमिक विद्यालय बुडानी की टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया। एडीसी राहुल मोदी ने विजेता विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र एवं पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में एडीसी राहुल मोदी ने कहा कि रामलीला मंचन जैसी गतिविधियां बच्चों में भाषा कौशल, शुद्ध उच्चारण, संवाद क्षमता और आत्मविश्वास विकसित करने का प्रभावी माध्यम हैं। इससे विद्यार्थियों को अपनी रचनात्मक प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है।
साथ ही, ऐसी गतिविधियां विद्यालय और समुदाय के बीच आपसी सहभागिता को भी मजबूत करती हैं। उन्होंने अधिकारियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों और ग्रामीणों को दिवाली की शुभकामनाएं भी दीं।
प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली राजकीय प्राथमिक विद्यालय बुडानी की टीम ने सीता स्वयंवर के दृश्य का शानदार मंचन किया। वहीं, राजकीय प्राथमिक विद्यालय कुंड की टीम ने शूर्पणखा एवं खर-दूषण वध के प्रसंग को प्रस्तुत कर दूसरा स्थान प्राप्त किया।
राजकीय प्राथमिक विद्यालय मसानी की टीम रावण-अंगद संवाद का प्रभावशाली मंचन कर तीसरे स्थान पर रही। तीनों टीमों की प्रस्तुतियों को उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।
इस दौरान एडीसी ने विद्यालय में संचालित एफएलएन प्रशिक्षण के विभिन्न बैचों का निरीक्षण किया और परिसर में पौधारोपण भी किया। जिला एफएलएन समन्वयक चरण सिंह ने कविता प्रस्तुत कर विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाया।
कार्यक्रम के अंत में उप जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद यादव ने मुख्य अतिथि और उपस्थित गणमान्य लोगों का आभार जताया। इस अवसर पर जिला परियोजना समन्वयक संतोष तंवर, खंड शिक्षा अधिकारी बावल फतेह सिंह, डीपीसी कार्यालय से करण सिंह, पूर्व सरपंच लीला राम, विद्यालय के मुख्य शिक्षक राजेश कुमार, लक्ष्मी नारायण मौजूद रहे।
रामलीला का मंचन करते बाल कलाकार। स्रोत: प्रशासन