मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर रैली स्थल का जायजा लेती भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. वंदना पोपली। स्रो
रेवाड़ी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 2 मई को रेवाड़ी आएंगे। वह दोपहर दो बजे सैनी स्कूल में निकाय चुनाव की सभा को संबोधित करेंगे। वह नगर परिषद रेवाड़ी और धारूहेड़ा नगरपालिका के चेयरमैन पद के प्रत्याशी के पक्ष में जनता का सहयोग मांगेंगे।
मुख्यमंत्री रेवाड़ी नगर परिषद के चेयरमैन पद की प्रत्याशी विनीता पीपल और धारूहेड़ा के भाजपा प्रत्याशी अजय जांगड़ा के पक्ष में जनता से आशीर्वाद मांगेंगे। भाजपा जिलाध्यक्ष वंदना पोपली ने बताया कि मुख्यमंत्री इस रैली में सरकार की जनहितकारी योजनाओं और डबल इंजन सरकार की विकास नीति के दम पर मतदाताओं को मतदान करने की अपील करेंगे।
मंच पर मुख्यमंत्री के साथ केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह भी मौजूद रहेंगे। इसके अलावा प्रदेश के खेल मंत्री गौरव गौतम, प्रदेश महामंत्री सुरेंद्र पूनिया, जिला प्रभारी नसीम अहमद और जिले के तीनों विधायक लक्ष्मण सिंह यादव, डॉ. कृष्ण कुमार व अनिल कुमार उपस्थित रहेंगे।
जिला अध्यक्ष डॉ. वंदना पोपली ने बताया कि रेवाड़ी की सभा के बाद सीएम सैनी धारूहेड़ा में अजय जांगड़ा के समर्थन में शाम 5 बजे एक रोड शो करेंगे।
कार्यकर्ताओं ने लोगों को किया आमंत्रित
जिला महामंत्री हिमांशु पालीवाल और कुलदीप चौहान ने बताया कि बूथ स्तर से लेकर वार्ड स्तर तक कार्यकर्ताओं की टोलियों ने घर-घर जाकर लोगों को सभा में आने के लिए आमंत्रित किया। जिला आईटी प्रमुख नवीन कुमार ने बताया कि जनसभा को लेकर युवाओं में उत्साह है। मुख्यमंत्री का यह दौरा केवल चुनावी सभा नहीं बल्कि रेवाड़ी और धारूहेड़ा की जनता के बीच भाजपा की पैठ मजबूत करने का एक बड़ा दांव है।