पुलिस टीम को चित्र भेंट करते दिनेश कपूर। स्रोत : संस्था
- फोटो : chineni news
रेवाड़ी। वीर भगत सिंह युवा दल के तत्वावधान में रामपुरा पुलिस थाना परिसर में वीरवार को हुई बैठक में युवाओं को देशभक्ति, चरित्र निर्माण और नशा मुक्त जीवन जीने के लिए प्रेरित किया गया। बैठक की अध्यक्षता कर रहे युवा दल के प्रधान दिनेश कपूर ने कहा कि महापुरुषों के चरित्र युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत हैं।
दिनेश कपूर ने कहा कि देशभक्त क्रांतिकारियों के चित्र और उनके महान चरित्र आज के युवाओं के लिए प्रेरणा का मजबूत स्रोत हैं। नेताजी सुभाष चंद्र बोस के योगदान को भी याद करते हुए कहा कि नेताजी ने देश से बाहर जाकर आजाद हिंद फौज का गठन किया, जिससे अंग्रेजी हुकूमत की नींव हिल गई और उन्हें भारत छोड़कर जाना पड़ा।
थानाधिकारी संजय कुमार ने युवा दल का स्वागत करते हुए कहा कि यदि आज का युवा इन महान क्रांतिकारियों को अपना आदर्श बना ले, तो वे नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहेंगे।
इस अवसर पर वीर भगत सिंह युवा दल की ओर से भारत माता, शहीद भगत सिंह, चंद्रशेखर आजाद और नेताजी सुभाष चंद्र बोस के चित्र भेंट किए गए। इस दौरान सहायक उपनिरीक्षक हवा सिंह, रचना, सतबीर सिंह सहित मुख्य सिपाही योगेंद्र और जयप्रकाश ने भी सहयोग किया।