रेवाड़ी। नाई वाली चौक पर वाहनों की जांच करते पुलिसकर्मी। संवाद
रेवाड़ी। शहर ने नववर्ष 2026 का स्वागत पूरे उत्साह और उमंग के साथ किया। बैंक्वेट हॉल, होटल-रेस्टोरेंट और अन्य स्थानों पर नए साल के उपलक्ष्य में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए जो देर रात तक चलते रहे।
इन आयोजनों में म्यूजिक सिस्टम और डिनर की खास व्यवस्था रही। खासकर युवा वर्ग डीजे की धुनों पर जमकर थिरकता नजर आया। लोगों ने 2025 को अलविदा कहते हुए एक-दूसरे को नववर्ष 2026 की शुभकामनाएं दीं। राहत की बात यह रही कि कहीं से भी हुड़दंग या अव्यवस्था की कोई सूचना सामने नहीं आई।
जगह-जगह नाकाबंदी, ड्रिंक एंड ड्राइव पर कार्रवाई
नववर्ष के मद्देनजर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर रही। बुधवार शाम छह बजे से ही शहर में सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी बढ़ा दी गई थी। एसपी हेमेंद्र मीणा की ओर से नए साल के जश्न के दौरान यातायात व सुरक्षा को लेकर विशेष निर्देश जारी किए गए थे। इन्हीं निर्देशों के तहत शहर में जगह-जगह पुलिस नाकेबंदी की गई। देर रात तक पुलिस टीमों ने प्रमुख चौराहों और मुख्य मार्गों पर ड्रिंक एंड ड्राइव के खिलाफ सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान शराब के नशे में वाहन चलाने वाले कई चालकों के चालान काटे गए। सार्वजनिक स्थानों और सड़कों के किनारे शराब पीने, वाहनों के साइलेंसर से पटाखे जैसी आवाज निकालकर ध्वनि प्रदूषण करने और हुड़दंग मचाने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। जिलेभर में अलग-अलग स्थानों पर विशेष नाके स्थापित किए गए। इसके अलावा नववर्ष के अवसर पर होटल, रेस्टोरेंट, ढाबों और धर्मशालाओं पर भी पुलिस की कड़ी नजर रही। पुलिस की मुस्तैदी और सख्ती के चलते शहर में नववर्ष का जश्न शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न हुआ।
रेवाड़ी। नाई वाली चौक पर वाहनों की जांच करते पुलिसकर्मी। संवाद