रेवाड़ी। शहर की सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए बाजारों में लगाए गए सीसीटीवी कैमरे करीब चार साल से बंद पड़े हैं। विभाग की ओर से कैमरों की मरम्मत कार्य को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है। इससे शहर की सुरक्षा पर प्रश्नचिह्न लग रहा है।
उधर, व्यापारियों ने कहा कि सीसीटीवी सिर्फ शोपीस बनकर रह गए हैं।
उन्होंने बताया कि सांसद कोष से सीसीटीवी कैमरे लगवाने के लिए राव इंद्रजीत सिंह ने जिला प्रशासन को 10 लाख रुपये दिए थे। नगर परिषद ने इस बजट में शहर के बाजारों व प्रमुख चौराहों पर 24 सीसीटीवी कैमरे लगवाए थे। सीसीटीवी कैमरों का कंट्रोल रूम शहर थाना में बनाया गया था। कैमरे लगवाने के कुछ दिन बाद से ही इनके टूटने का सिलसिला शुरू हो गया था। पहले गोकल गेट के पास लगे दो कैमरे टूटकर नीचे लटक गए थे। इसके बाद जीवली बाजार के निकट एक ट्रक के साइड मारने से दो और कैमरे नीचे लटक गए थे। बाजार में सीसीटीवी कैमरे लगने के कारण पुलिस को चोरी आदि वारदात को सुलझाने व आरोपियों की पहचान करने में मदद मिलती थी। सीसीटीवी कैमरे खराब होने से पुलिस को भी मदद नहीं मिल पा रही है। पुलिस ने अपने स्तर पर भी शहर में कई जगह कैमरे लगाए हैं।
------------
प्रशासन कर रहा बड़े हादसे का इंतजार:
बाजार में अतिक्रमण की वजह से जाम लग रहा है। ग्राहक भी दुकानदारों तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। प्रशासन बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है। शहर में लगभग चार साल पहले सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे। मरम्मत के अभाव में अब ये खराब होकर बंद पड़े हैं। शहर में महत्वपूर्ण बाजार में सीसीटीवी कैमरे होने ही चाहिए, ताकि सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रहे। कोई आपराधिक घटना होती है तो तुरंग उस पर लगाम लगाई जा सके।
- अनिल अरनेजा, सदस्य, संयुक्त व्यापार मंडल
-------------
बाजार में आने से बचने लगे हैं लोग:
शहर के मोती चौक पर करीब चार साल पहले सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे। मुश्किल से डेढ़ या दो महीने ही चले होंगे इसके बाद कैमरे खराब हो गए। कैमरे खराब होने से बाजार में बाजार में वारदातें बढ़ रही है। लोग बाजार में आने से डरने लगे हैं। पुलिस की गश्त भी बढ़ाई नहीं गई है। बाहर से आए लोगों ने बाजार में डेरा डाल दिया है।
- विपिन अग्रवाल, सदस्य, संयुक्त व्यापार मंडल
----------
प्रशासन आश्वासन तक सीमित:
बाजार में लगाए गए सीसीटीवी काफी सालों से बंद पड़े हुए हैं। कैमरों को लेकर पिछली साल भी अधिकारियों से मिले थे। उन्होंने आश्वासन दिया था कि सभी कैमरे ठीक कराए जाएंगे, लेकिन अभी तक कैमरे ठीक नहीं कराए गए। त्यौहारी सीजन में बाजार में भीड़ का फायदा उठाकर अपराधी वारदात को अंजाम देता है। किसी की जेब कट रही है व किसी का सामान चोरी हो रहा है।
- प्रदीप सोनी, सदस्य, संयुक्त व्यापार मंडल
------
वर्जन:
नगर परिषद के संबंधित अधिकारी को बोलकर कैमरों की जांच कराई जाएगी। मामला अभी संज्ञान में आया है। खराब कैमरों को जल्द ही ठीक कराया जाएगा।
- सुभिता ढाका, डीएमसी, रेवाड़ी
-----------
वर्जन:
शहर में पुलिस की ओर से लगाए गए कैमरे सब ठीक हालत में है। नगर परिषद की ओर से लगाए गए कैमरे यदि खराब हैं तो उनको चेक करवाया जाएगा। चेक करवाने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।
- हंसराज, डीएसपी, प़ुलिस विभाग