संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। सीबीएसई बोर्ड की 10वीं व 12वीं कक्षा के परीक्षा परिणाम से असंतुष्ट विद्यार्थी अपनी उत्तर पुस्तिकाओं का पुनर्मूल्यांकन करा सकते हैं। 12वीं कक्षा के विद्यार्थी अपने अंकों के सत्यापन और पुनर्मूल्यांकन के लिए 21 मई तक आवेदन कर सकते हैं। जबकि कक्षा 10वीं के विद्यार्थी 24 मई तक आवेदन कर सकते हैं। पुनर्मूल्यांकन और अंक सत्यापन के लिए विद्यार्थी को फीस जमा करनी होगी। आवेदन करने का शुल्क 500 रुपये प्रति विषय है।
मूल्यांकित उत्तर पुस्तिकाओं की फोटोकॉपी प्राप्त करने की तारीख 1 जून से 2 जून है। इसका शुल्क 700 रुपए प्रति उत्तर पुस्तिका है। पुनर्मूल्यांकन ऑफ आंसर का समय 6 जून से 7 जून है। इसमें विद्यार्थी को 100 रुपये प्रति सवाल का शुल्क अदा करना होगा। इस प्रक्रिया के बाद जो अंक बोर्ड की ओर से दिए जाएंगे वही अंतिम अंक होंगे।
सीबीएसई की ओर से कहा गया है कि अंक सत्यापन के लिए आवेदन करने वाले विद्यार्थी केवल मूल्यांकन की गई उत्तर पुस्तिका की फोटोकॉपी प्राप्त करने के लिए आवेदन करने के पात्र होंगे। जिन अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है और उत्तर पुस्तिका की फोटोकॉपी प्राप्त की है वही पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन कर सकते हैं।
आवेदन, शुल्क भुगतान सहित सभी प्रक्रिया होंगी ऑनलाइन
बोर्ड ने कहा है कि आवेदन और शुल्क भुगतान सहित सभी प्रक्रिया ऑनलाइन होंगी। पुनर्मूल्यांकन और अंक सत्यापन की प्रक्रिया के बाद अगर परिणाम में बदलाव होता है तो विद्यार्थी को कक्षा 12वीं की पुरानी मार्कशीट वापस करनी होगी। इसके बाद नई मार्कशीट जारी की जाएगी। अंक सत्यापन प्रारंभिक चरण है जहां दिए गए अंकों को सत्यापित किया जाता है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कुल योग में कोई त्रुटि न हो। सत्यापन के बाद यदि छात्र पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन करने से पहले उनकी जांच करना चाहते हैं तो वे अपनी मूल्यांकन की गई उत्तर पुस्तिकाओं की फोटोकॉपी का अनुरोध कर सकते हैं। फोटोकॉपी प्राप्त करने और समीक्षा करने के बाद, यदि छात्रों को अभी भी विसंगतियां मिलती हैं या कुछ उत्तरों के अंकन के बारे में आपत्ति है, तो वे उन विशेष उत्तरों के पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन कर सकते हैं।
10वीं व 12वीं के विद्यार्थी पुनर्मूल्यांकन के लिए ऐसे करें आवेदन
सीबीएसई 10वीं व 12वीं के विद्यार्थी उत्तर पुस्तिका के पुनर्मूल्यांकन के लिए वेबसाइट सीबीएसई डाट जीओवी डाट इन पर जाएं। सत्यापन प्रक्रिया अनुभाग पर क्लिक करें। इसके बाद एक नई विंडो खुलेगी और आवेदन पत्र दिखाई देगा। अब आवश्यक विवरण भरें। दिए गए निर्देशों के अनुसार फॉर्म पूरा करें। सबमिट पर क्लिक करें और आवेदन शुल्क का भुगतान करें। भविष्य के संदर्भ के लिए पुष्टिकरण पृष्ठ डाउनलोड करें।
-
वर्जन
सीबीएसई बोर्ड 10वीं व 12वीं के वे विद्यार्थी जो अपने परिणामों से संतुष्ट नहीं है और उन्हें लगता है कि उनके उत्तर सही ढंग से नहीं जांचे गए हैं, वह विद्यार्थी बोर्ड की ऑफिसियल वेबसाइट से आवेदन कर अपने उत्तर पुस्तिका की दोबारा जांच कर सकेंगे। 12वीं के लिए 21 मई और दसवीं के लिए 24 मई तक आवेदन करने का समय है। -विक्रम, को-ऑर्डिनेटर सीबीएसई बोर्ड