रेवाड़ी। सीबीएसई बोर्ड की 10वीं और 12वीं कक्षा की परीक्षाएं मंगलवार से जिले के 26 परीक्षा केंद्रों पर शुरू होंगी। इस बार परीक्षा में कुल 19 हजार विद्यार्थी शामिल होंगे। 10वीं में 9 हजार 924 और 12वीं में 9 हजार 210 छात्र परीक्षा देंगे।
सीबीएसई बोर्ड की परीक्षा में सबसे बड़ा बदलाव 10वीं के विद्यार्थियों के लिए इम्प्रूवमेंट का अवसर मिलना है। यदि कोई छात्र किन्हीं तीन विषयों में कम अंक प्राप्त करता है या परिणाम से संतुष्ट नहीं है तो उसे मई में दोबारा परीक्षा देने का विकल्प मिलेगा।
दोनों प्रयासों में से बेहतर अंक ही अंतिम मार्कशीट में दर्ज होंगे। वहीं, 12वीं की परीक्षा में मुख्य परीक्षा के अंक ही अंतिम माने जाएंगे। जिले के निजी और सरकारी स्कूलों ने परीक्षा को लेकर तैयारियां पूरी कर ली हैं।
पारदर्शिता के साथ नकलविहीन परीक्षा कराने के लिए सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। उड़नदस्ते भी जांच करेंगे। विद्यार्थियों को स्कूल से सत्यापित प्रवेश पत्र लाने का निर्देश दिया गया है।
बिना क्यूआर कोड वाले प्रवेश पत्र मान्य नहीं होंगे। नियमित विद्यार्थियों के लिए स्कूल यूनिफॉर्म में उपस्थित होना अनिवार्य है। परीक्षा केंद्र पर सुबह 10 बजे पहुंचना आवश्यक है जबकि प्रवेश गेट साढ़े 10 बजे बंद कर दिए जाएंगे।
परीक्षा का समय सुबह साढ़े 10 बजे से दोपहर डेढ़ बजे तक निर्धारित है। पहले दिन 10वीं की गणित विषय और 12वीं बायोटेक्नालॉजी की परीक्षा होगी।
-
ये विद्यालय बनाए गए परीक्षा केंद्र
सीबीएसई बोर्ड परीक्षा के लिए 26 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें होली चाइल्ड पब्लिक स्कूल, स्वामी उमा भारती पब्लिक स्कूल, जैन पब्लिक स्कूल, आर सी ग्रीन फील्ड स्कूल, कैम्ब्रिज स्कूल (गढ़ी बोलनी रोड), डीपीएस रेवाड़ी, कैनाल वैली पब्लिक स्कूल, सन्ग्लो इंटरनेशनल स्कूल, पाथफाइंडर ग्लोबल स्कूल (कोसली), आरपीएस पब्लिक स्कूल (कोसली), हैप्पी सीनियर सेकेंडरी स्कूल (कोसली), ऋषि पब्लिक स्कूल (रेवाड़ी), सूरज स्कूल (डुंगरवास), विवेकानंद सीनियर सेकेंडरी स्कूल (कुंड), राव पहलाद सिंह पब्लिक स्कूल (रेवाड़ी) सूरज स्कूल (गुड़ियानी), सी आर इंटरनेशनल स्कूल (तिहारा), विवेकानंद सीनियर सेकेंडरी स्कूल (धारूहेड़ा), यूरो इंटरनेशनल स्कूल (रेवाड़ी), राष्ट्रीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल (कांडोड़ा), आरपीएस पब्लिक स्कूल (धारूहेड़ा), सूरज स्कूल (बावल), टैगोर पब्लिक स्कूल (रेवाड़ी), पीएमश्री जेएनवी (नायचाना), पीएमश्री केवी (कौंसीवास) और दिल्ली पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल (धारचाना) शामिल हैं।
वर्जन
सीबीएसई बोर्ड की 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं 17 फरवरी से 26 परीक्षा केंद्रों पर शुरू होंगी। परीक्षा सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिले के सभी केंद्रों पर सुरक्षा और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सीसीटीवी कैमरे और उड़नदस्तों की व्यवस्था की गई है।-विक्रम यादव, जिला कोऑर्डिनेटर, सीबीएसई