मृतक के पिता सुखबीर ने बताया था कि उसका बेटा सीहा में रमेश के लड़के की शादी में गया हुआ था। वहां उसके साथ झगड़ा हो गया था। इसके बाद अगले दिन वह रेलवे फाटक के पास पार्किंग की ओर आया तो कुछ लोगों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
रेवाड़ी में जीआरपी ने जुलाई में सीहा रेलवे फाटक पर भागते समय ट्रेन की चपेट में आने से हुई युवक की मौत के मामले में तीन लोगों पर केस दर्ज कर लिया है। जिन लोगों पर केस दर्ज किया गया है उनमें पिता समेत उसके दो बेटे शामिल हैं। जानकारी के मुताबिक 15 जुलाई को दोपहर के समय लुहाना के रहने वाले नवीन की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई थी। शव की शिनाख्त होने के बाद जीआरपी ने पोस्टमार्टम करा दिया था।
विज्ञापन
मृतक के पिता सुखबीर ने बताया था कि उसका बेटा सीहा में रमेश के लड़के की शादी में गया हुआ था। वहां उसके साथ झगड़ा हो गया था। इसके बाद अगले दिन वह रेलवे फाटक के पास पार्किंग की ओर आया तो कुछ लोगों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। नवीन जान बचाने के लिए रेलवे लाइन की ओर भाग रहा था। लोहारू-रेवाड़ी रेल लाइन पार करते समय उसकी ट्रेन से कटकर मौत हो गई थी। तब जीआरपी ने सामान्य कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम कराया था। इस मामले में लुहाना गांव के लोग सुखबीर के साथ पुलिस अधीक्षक गौरव राजपुरोहित से भी मिले थे। ग्रामीणों ने एसपी से मामले की जांच व कार्रवाई की मांग की थी।
पुलिस अधीक्षक ने बताया था कि यह मामला जीआरपी के अधिकार क्षेत्र में है, इसलिए जीआरपी ही इस मामले में कार्रवाई कर रही है। डीएसपी की जांच के बाद जीआरपी ने सुखबीर के बयान पर सीहा के रहने वाले तीन लोगों के विरुद्ध लापरवाही से हुई मौत का मुकदमा दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस ने गिरफ्तारी के लिए भी कार्रवाई शुरू कर दी है। जीआरपी प्रभारी भूपेंद्र का कहना है कि केस दर्ज कर लिया गया है आरोपी भी गिरफ्तार होंगे।