फोटो : 04पाली में मशीन के माध्यम से केंटनर को जा रहा रखा। स्रोत : वीडियो ग्रैप
रेवाड़ी। वैश्विक स्तर पर स्मार्ट चेन लॉजिस्टिक्स प्रदाता और भारत के सबसे बड़े निजी रेल फ्रेट ऑपरेटर्स में शुमार डीपी वर्ल्ड ने कंटेनर वाले रेल कार्गो के विकास को बढ़ावा देने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाया है। कंपनी ने अपने हरियाणा के पाली-रेवाड़ी स्थित रेल टर्मिनल पर तीसरी रेल लाइन शुरू की है। इस कदम से पाली-रेवाड़ी रेल टर्मिनल की मासिक फ्रेट ट्रेन हैंडलिंग की क्षमता 25 प्रतिशत बढ़ेगी।
पाली स्थित टर्मिनल में तीसरी लाइन शुरू होने से एनसीआर (राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र) के आसपास बाजारों को भी काफी फायदा होगा। इसके तहत एनसीआर से हजीरा (सूरत) बंदरगाह तक 72 घंटे में कार्गो डिलिवरी सुनिश्चित की जाएगी। इससे कम लागत में जल्दी सामान बाजार में पहुंच जाएगा।
मौजूदा समय में 192 मालगाड़ियां चल रही हैं, इससे अब क्षमता बढ़कर 240 मालगाड़ियों की हो जाएगी। पाली रेल टर्मिनल एक महत्वपूर्ण ट्रांसशिपमेंट हब के रूप में विकसित हो रहा है। यह कंटेनर वाले कार्गो को कुछ महत्वपूर्ण बंदरगाहों जैसे मुंद्रा, पीपावाव, हजीरा और नहावा से जोड़ता है। डबल स्टैक रैक के जरिये यह टर्मिनल क्षमता को बढ़ाता है और वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (डब्ल्यूडीएफसी) से जोड़ता है। इससे उत्तर राजधानी क्षेत्र में कमोडिटी, इंडस्ट्रियल गुड्स, ऑटोमोबाइल, एफएमसीजी, केमिकल्स एवं फार्मास्युटिकल्स समेत विभिन्न सेक्टर में काम करनेवाली कंपनियों को महत्वपूर्ण एक्जिम पोर्ट्स (आयात-निर्यात बंदरगाहों) और अन्य घरेलू बाजारों से आसान कनेक्टिविटी मिलती है। क्षमता बढ़ने से काफी लाभ होगा।
-
पाली स्थित टर्मिनल की क्षमता में विस्तार किया गया है। इससे पारंपरिक रोड ट्रांसपोर्ट की तुलना में कार्बन उत्सर्जन को 65 प्रतिशत तक कम करते हुए सस्टेनेबिलिटी (टिकाऊ) में भी योगदान मिलेगा। इसके तहत एनसीआर क्षेत्र से हजीरा पोर्ट तक 72 घंटे में कार्गो डिलिवरी सुनिश्चित की जाएगी। एनसीआर के कारोबारियों को काफी फायदा होगा।
अधेंद्रू जैन, वाइस प्रेसिडेंट, डीपी वर्ल्ड सबकॉन्टिनेंट रेल एवं इनलैंड टर्मिनल्स