रेवाड़ी। पटौदी रोड पर गांव काकोडिया के निकट रविवार की शाम को संतुलन बिगड़ने से एक कार सड़क किनारे खड़े पेड़ से टकरा गई। हादसे में कार में सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि चालक सहित चार लोग घायल हो गए। सदर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस को दी शिकायत में गुरुग्राम के गांव गदाईपुर निवासी प्रवीण ने बताया कि रविवार को वह बलेनो कार में अपने ताऊ मांगेराम, कमल, ओमप्रकाश व आजाद के साथ बधराना में गए थे। वापस लौटते समय उनके ताऊ कमल सिंह कार चल रहे थे। गांव काकोडिया के निकट पहुंचे तो कमल सिंह कार से संतुलन खो बैठे तथा वह सड़क किराने खड़े एक पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार का आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया तथा उसमें सवार सभी लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उनके ताऊ मांगेराम को मृत घोषित कर दिया। सूचना के बाद सदर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया तथा प्रवीण की शिकायत पर कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।