अनलॉक 1.0 के बाद से जिले में वारदात थम नहीं रहीं हैं। 28 दिन के दौरान जिले में हत्या की पांच बड़ी वारदात हो चुकी है। रविवार रात को भी रामपुरा थाना क्षेत्र के गांव गोलियाकी में घरेलू विवाद के बाद छोटे भाई ने सिर में पंखे से वार कर बड़े भाई की निर्मम हत्या कर दी। शोर सुनकर परिजन बाहर आए तो वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना के बाद रामपुरा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी। मृतक की पत्नी की शिकायत पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार गांव गोलियाकी निवासी सुनील कुमार बावल औद्योगिक क्षेत्र की एक कंपनी में कार्य करता था। रविवार रात को ड्यूटी करने के बाद रात करीब 11 बजे वह अपने पहुंचा। घरेलू विवाद के कारण सुनील का उसके छोटे भाई अनिल के साथ झगड़ा हो गया। कुछ देर बाद दोनों में मारपीट शुरू हो गई। देखते ही देखते अनिल ने फर्राटा पंखा उठाकर सुनील के सिर पर दे मारा। सुनील की चीख-पुकार सुनकर उसकी पत्नी सहित अन्य परिजन भी वहां पहुंच गए। परिजनों को देखकर आरोपी वहां से फरार हो गया। परिजनों ने तुरंत सुनील को ट्रामा सेंटर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना के बाद रामपुरा थाना एसएचओ नीरज पुलिस सहित मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर रात को ही आरोपी की तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने मृतक की पत्नी प्रीति की शिकायत पर पुलिस ने अनिल के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है तथा नागरिक अस्पताल से शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है।
गांव में पसरा सन्नाटा
भाई ने भाई की हत्या कर दिए जाने के बाद गांव में कोई बोलने को तैयार नहीं है। गांव में चारों ओर सन्नाटा पसरा हुआ है। लोग जगह-जगह टोली बनाकर बैठे हैं। ऐतियातन गांव में पुलिस बल को तैनात कर दिया है। फिलहाल गांव में शांति है।
अनलॉक 1.0 में लगातार हत्या की वारदातों में हुई बढ़ोतरी
6 जून को टूमना में युवक की पीट-पीट कर हत्या की
8 जून को बोलनी रोड पर कार सवार बदमाशों ने दो युवकों को गोलियों से भूना
21 जून को ड्यूटी से लौट रहे होमगार्ड पर हमला
बावल में पेट्रोल पंप कर्मी की हत्या
पत्नी की शिकायत पर हत्या का मुकदमा दर्ज: थाना प्रभारी
रामपुरा थाना प्रभारी नीरज ने बताया कि मृतक की पत्नी की शिकायत पर आरोपी अनिल कुमार के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है। जल्द ही आरोपी को काबू कर लिया जाएगा।