गंगायचा अहीर टोल टैक्स पर सोमवार रात नशे में धुत कार सवार दो युवकाें ने बूथ कर्मचारी और टोल प्रबंधक की कनपटी पर पिस्तौल तानकर जान से मारने की धमकी दी।
युवकों ने टोल बूथ पर बने केबिनों के शीशे भी तोड़ दिए। इसके बाद वे फरार हो गए। कुछ देर बाद ही स्कार्पियो गाड़ी में सवार होकर आए चार युवकाें ने प्रबंधक पर समझौते के लिए दबाव बनाने का प्रयास किया और पुलिस को शिकायत देने पर नतीजा भुगतने की धमकी भी दी। टोल टैक्स के सहायक मैनेजर की ओर से थाना सदर पुलिस को मामले की शिकायत दे दी गई है।
टोल बूथ के सहायक मैनेजर राजेश शर्मा ने बताया कि रेवाड़ी-झज्जर रोड पर गांव गंगायचा अहीर के नजदीक बने टोल टैक्स बूथ पर झज्जर की ओर से आल्टो कार में सवार दो युवक पहुंचे। उनमें से एक युवक ने टोल बूथ कर्मी गांव बीकानेर निवासी दीपक के साथ उलझना शुरू कर दिया और जबकि अन्य युवक ने दीपक की कनपटी पर रिवाल्वर लगा दिया। बताया जा रहा है कि युवक शराब के नशे में थे।
इस बीच किसी तरह दीपक अपनी जान बचाकर वहां से भागा तथा मैनेजर विकास को मामले की सूचना दी। इससे पहले कि मैनेजर मौके पर पहुंचते आरोपी ने टोल बूथ 1,2,3,4,5 और 6 के शीशे तोड़ डाले। मैनेजर ने मौके पर पहुंचकर युवकों को रोकने का प्रयास किया तो युवकों ने उनपर भी रिवाल्वर तान दी। लेकिन इस बीच रिवाल्वर से मैगजीन निकलकर नीचे गिर गई। इसके बाद युवक भाग खड़े हुए।
श्री शर्मा ने बताया कि इन आरोपियाें के जाने के 10 मिनट बाद ही एक स्कार्पियो गाड़ी टोल बूथ पर पहुंची। इसमें सवार चार युवकों ने मैनेजरपर समझौता का दबाव बनाया, लेकिन विकास नहीं माने, जिस पर युवकों ने उन्हें धमकी भी दी।
इस मामले में थाना सदर प्रभारी हेमंत कुमार ने बताया कि मामले की शिकायत उन्हें मिल गई है, जांच जारी है।