संवाद न्यूज एजेंसी
धारूहेड़ा। सीआईए-2 धारूहेड़ा व थाना धारूहेड़ा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 14 जनवरी की रात को दिल्ली से कार बुकिंग करके धारूहेड़ा में लूटने के मामले में शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान यूपी के जिला रामपुर के गांव जगेसर निवासी फईम के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटी हुई कार को बरामद कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश करके पूछताछ के लिए तीन दिन के रिमांड पर लिया है। दरअसल, यूपी के जिला बदायूं के गांव भैहटाजबी निवासी श्रीदेव ने अपनी शिकायत में बताया था कि वह नोएडा में रहता है। वह टैक्सी चलाने का काम करता है। गत 14 जनवरी की रात को दिल्ली पालम फ्लाईओवर से पां युवक उसकी कार धारूहेड़ा के लिए किराये पर करके लाए थे।
उसने रास्ते में गुरुग्राम के पास सीएनजी डलवाई थी। धारूहेड़ा पहुंचने पर उन युवकों ने जयपुर की तरफ 3-4 किलोमीटर आगे छोड़ने के लिए कहा था। इसके बाद करीब साढ़े 11 बजे साहबी ओवरब्रिज पर पहुंचने के बाद उन्होंने गाड़ी साइड में रुकवाकर कहा कि उन्हें यहीं उतार दो। इसके बाद आरोपियों ने उससे मोबाइल फोन, पेटीएम स्कैनर करने के लिए ले लिया और उसके साथ मारपीट करने लग गए। एक ने उसे तमंचा दिखाया और उसकी जेब से 1200 रुपये निकाल कर कार छीनकर जयपुर की तरफ भाग गए।
जांच के बाद पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मामले में संलिप्त एक आरोपी फईम को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटी हुई कार को बरामद कर लिया है।