संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। रेवाड़ी-नारनौल हाईवे स्थित गांव पीथड़ावास के पास सर्विस रोड पर सवारियों से भरे ऑटो को कार ने टक्कर मार दी। इस हादसे में ऑटो में सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि कुछ सवारियां घायल भी हो गईं। टक्कर लगने के बाद आरोपी चालक फरार हो गया।
रामपुरा थाना पुलिस को दी शिकायत में गांव टींट निवासी संदीप ने बताया कि उसने खोरी बस अड्डे पर बिल्डिंग मैटेरियल की दुकान की हुई है। बीती दोपहर को जब वह अपनी बाइक पर सवार होकर जब रेवाड़ी जा रहा था तो पीथड़ावास के पास रेवाड़ी की ओर से आ रहे एक ऑटो को नारनौल की ओर से आई तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। जिससे ऑटो में सवार सवारियां घायल हो गईं। आरोपी कार चालक मौके से फरार हो गया, लेकिन इससे पहले उसकी कार का नंबर नोट कर लिया गया। आनन-फानन में घायलों को एंबुलेंस की सहायता से ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया। जहां उपचार के दौरान सूंदरोज निवासी कंवर सिंह ने दम तोड़ दिया। सूचना के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने संदीप की शिकायत पर आरोपी कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।