दिल्ली- जयपुर हाईवे स्थित साबन चौक के पास रविवार रात टाटा 407 गाड़ी में सवार आधा दर्जन बदमाशों ने केमिकल से लदे कैंटर को लूट लिया। विरोध करने पर बदमाशों ने चालक को बंधक बनाकर पीटा। बदमाश कुछ दूर चलने के बाद चालक को हाईवे पर फेंककर फरार हो गए। थाना पुलिस ने मारपीट और लूट का मामला दर्ज कर लिया है।
बावल पुलिस को दी शिकायत में उत्तर प्रदेश के जिला मेरठ निवासी इकबाल ने बताया कि रविवार रात वह कैंटर में केमिकल से भरे ड्रम लेकर जयपुर से दिल्ली जा रहा था। रात को साबन चौक के पास एक टाटा 407 गाड़ी में सवार आधा दर्जन बदमाशों ने उसे रोक लिया। इसके बाद बदमाश कैंटर में घुस गए। विरोध करने पर बदमाशों ने उसकी पिटाई की। तमंचे दिखाकर जान से मारने की धमकी दी।
इसके बाद बदमाशों ने उसे बंधक बनाकर कैंटर में ही डाल दिया। कुछ दूर जाकर बदमाश चालक को हाईवे पर फेंक दिया तथा गाड़ी को धारूहेड़ा की ओर लेकर चले गए। बंधन मुक्त होकर चालक ने बावल पुलिस को लूट की सूचना दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की। जांच अधिकारी एएसआई मदन लाल ने बताया कि चालक की शिकायत पर लूट और मारपीट का मामला दर्ज कर लिया है।