महेंद्रगढ़। रेवाड़ी जिले के गांव करौली निवासी रोहित शर्मा (29) की शनिवार तड़के हाईवे 152डी पर सड़क हादसे में मौत हो गई, जबकि उनके चाचा प्रमोद कुमार (35) गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों नासिक से कैंटर में सब्जियां लेकर कैथल जा रहे थे। मृतक के पिता प्रेमचंद ने बताया कि खेड़ी तलवाना के पास पेट्रोल पंप के नजदीक रेस्ट एरिया में सड़क किनारे एक ट्राला बेतरतीब खड़ा था। इसी दौरान कैंटर ट्राले के पिछले हिस्से से टकरा गया। हादसे में रोहित और प्रमोद गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को नागरिक अस्पताल कनीना पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने रोहित को मृत घोषित कर दिया। प्रमोद का उपचार चल रहा है।
रोहित पिछले करीब छह वर्षों से वाहन चालक था और अविवाहित था। सूचना पर सदर थाना कनीना पुलिस ने मौके का जायजा लिया। मृतक के पिता के बयान पर ट्राला चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।