फोटो : 29अवैध निर्माण पर चल रहा बुलडोजर। स्रोत : विभाग
रेवाड़ी। जिला नगर योजनाकार की टीम ने कुतुबपुर मौला व कानमाजरा में अवैध निर्माण पर बुलडोजर की कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान लगभग 4 एकड़ में अवैध रूप से विकसित हो रही कॉलोनी के 5 डीपीसी और कच्चे रोड नेटवर्क पर तोड़फोड़ की गई। इस कार्रवाई में जिला प्रशासन की ओर से नियुक्त ड्यूटी मजिस्ट्रेट की देखरेख में भारी पुलिस बल की सहायता ली गई।
जिला नगर योजनाकार मनदीप सिंह सिहाग ने आमजन से अपील की है कि नियंत्रित एवं शहरी क्षेत्रों में कोई भी अवैध निर्माण न करें। उन्होंने कहा कि प्लाॅट खरीदने से पहले संबंधित कॉलोनी की वैधता सुनिश्चित करना आवश्यक है ताकि विभागीय कार्रवाई और आर्थिक नुकसान से बचा जा सके।
उन्होंने चेतावनी दी कि कई प्रॉपर्टी डीलर अवैध कॉलोनियों में आमजन को झूठे वादे कर खाली भूमि के प्लाॅट बेच देते हैं। आम जनता को तब तक इसका पता नहीं चलता जब उन स्थानों पर अवैध निर्माण शुरू किया जाता है और प्रशासन की कार्रवाई अमल में आती है। ऐसे मामलों में प्लाॅट खरीदने वाले लोग खुद को ठगा हुआ महसूस करते हैं।
सिहाग ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार का निर्माण करने से पहले सरकार द्वारा निर्धारित नियमों के अनुसार अनुमति लेना अनिवार्य है। उन्होंने जनता से बार-बार अपील की है कि वे किसी भी अवैध कॉलोनी में प्लाॅट न खरीदें और केवल वैध और स्वीकृत कॉलोनियों में ही निवेश करें।