पोस्टमार्टम हाउस के बाहर पहुंचे मृतक के परिजन। संवाद
बावल। मोहम्मदपुर गांव में एक युवक की गांव के ही दोस्तों ने पीट पीटकर हत्या कर दी गई। मरने से पहले मृतक ने अस्पताल में भर्ती रहते हुए एक वीडियो में आरोपियों के नाम बताए हैं। मोहम्मदपुर निवासी राजेश (38 वर्ष) पर पांच युवकों ने मामूली विवाद के चलते हमला किया जिसके बाद वह गंभीर रूप से घायल हो गया और इलाज के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया।
राजेश अपने घर के पास बैठा था, उसी दौरान उसके दोस्त भी आ गए। मौके पर आपसी किसी बात को लेकर बहस हो गई। बहस इतनी बढ़ गई कि दोस्तों ने उस पर हमला कर दिया।
घटना की जानकारी मृतक के भाई संजय ने दी। संजय ने बताया कि राजेश अपने घर में अकेला रहता था और पिछले दो दिनों से किसी को दिखाई नहीं दे रहा था। बच्चों को उसके घर भेजा लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।
दीवार फांदकर घर में जाकर देखा तो राजेश के सिर पर चोट लगी हुई थी। वह गंभीर अवस्था में था। मौके पर पुलिस को सूचना दी गई। परिजनों ने उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
राजेश ने अस्पताल में भर्ती रहते हुए बनाया वीडियो
संजय ने आगे बताया कि राजेश ने अस्पताल में भर्ती रहते हुए एक वीडियो बनाया था जिसमें उसने मारपीट करने वाले पांचों युवकों के नाम बताए। मृतक के भाई के अनुसार राजेश का लगभग एक साल पहले एक स्थानीय युवक से विवाद हुआ था। उसी युवक ने फिर हमला किया है। पिछले वर्ष उस युवक के परिजनों ने भी मारपीट की थी। उस वक्त मारपीट आपसी अभद्र व्यवहार करने को लेकर हुई थी। आशंका है कि इसी रंजिश के चलते मोहम्मदपुर गांव के चार युवकों और पड़ोस के गांव के एक युवक ने मिलकर राजेश पर हमला किया और उसे बुरी तरह पीटा। हालांकि अभी भी हमले का कारण स्पष्ट नहीं है। बताया कि राजेश ने कुछ समय पहले जमीन बेची थी, उसके पास पैसे भी थे। वह अकेला रहता था।
वर्जन
पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। -संजय, प्रभारी, बावल थाना
पोस्टमार्टम हाउस के बाहर पहुंचे मृतक के परिजन। संवाद