रेवाड़ी। जिला नगर योजनाकार की टीम ने शुक्रवार को रेवाड़ी-धारूहेड़ा रोड पर स्थित अवैध कॉलोनी में हुए निर्माण को बुलडोजर से ध्वस्त कराया। इस कार्रवाई में लगभग 3 एकड़ में विकसित हो रही अवैध कॉलोनी में 7 डीपीसी, 3 चहारदीवारी, 3 अवैध निर्माण व गोदाम को तोड़ा गया।
जिला प्रशासन की ओर से नियुक्त डयूटी मजिस्ट्रेट की देखरेख में पुलिस प्रशासन की सहायता से कार्रवाई की गई। जिला नगर योजनाकार मनदीप सिंह सिहाग ने अनुरोध किया है कि आम लोग प्लाॅट खरीदने से पहले इस कार्यालय से उस काॅलोनी की वैधता बारे जान लें, ताकि विभागीय कार्रवाई में आर्थिक नुकसान से बचाव हो सके। किसी भी प्रकार का निर्माण करने से पहले सरकार के नियमानुसार अनुमति लें। अवैध कॉलोनी काटने वाले प्रॉपर्टी डीलर आमजन को झूठे सब्जबाग दिखाकर खाली भूमि पर प्लाट बेच देते हैं। इससे सामान्य जनता को तब पता चलता है जब उस स्थल पर अवैध निर्माण शुरू करने पर कार्यवाही की जाती है।