संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। रेवाड़ी-पलवल राष्ट्रीय राजमार्ग-919 पर मिनी ट्रक यूनियन के पास सड़क मरम्मत के दौरान बुलडोजर का बूम टूटकर सड़क के बीच धंस गया जो चार दिनों से ज्यों का त्यों धंसा पड़ा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह लोहे का हिस्सा सड़क के बीच और काफी हद तक ऊपर निकला हुआ है जिससे यह वाहन चालकों के लिए खतरनाक साबित हो सकता है। खासकर दोपहिया वाहन चालक, साइकिल सवार और रात के समय तेज रफ्तार में गुजरने वाले वाहन इस बाधा से अधिक जोखिम में हैं।
अंधेरे में यह अवरोध दिखाई न देने के कारण दुर्घटना की आशंका और भी बढ़ जाती है। लोगों का कहना है कि मरम्मत के दौरान यह घटना हुई थी। इसके बावजूद जिम्मेदार कर्मचारियों और संबंधित विभाग द्वारा इसे हटाने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। चार दिन बीत जाने के बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है जिससे लोगों में नाराजगी और चिंता दोनों बढ़ रही हैं।
गांव खरखड़ा निवासी सामाजिक कार्यकर्ता प्रकाश यादव ने इस मामले को गंभीर बताते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को लिखित शिकायत भेजी है। उन्होंने बताया कि यह सड़क लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), गुरुग्राम मंडल के अंतर्गत आती है और विभाग को तुरंत प्रभाव से कार्रवाई करनी चाहिए थी लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं हुआ है।
उन्होंने मांग की है कि सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तत्काल प्रभाव से सड़क के बीच धंसे बूम को हटाया जाए। साथ ही मौके पर चेतावनी संकेत, बैरिकेडिंग और पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए ताकि किसी भी प्रकार की जानलेवा दुर्घटना को रोका जा सके। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो स्थिति कभी भी गंभीर हादसे का रूप ले सकती है।
सड़क के बीच धंसा जेसीबी का लोहे का बूम। स्रोत: शिकायतकर्ता