संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। जिले में प्रदूषण के स्तर में पांच दिन से कमी नहीं आ रही है। शुक्रवार को एक्यूआई (वायु गुणवत्ता सूचकांक) 291 दर्ज किया गया। इससे लोगों को आंखों में जलन, सांस लेने में परेशानी हुई। पूरे दिन स्मॉग छाया रहा। ऐसा लग रहा था कि जैसे आसमान में बादल छाए हुए हैं।
अगर यही स्थिति बनी रही तो आने वाले दिनों में प्रदूषण का स्तर 300 को पार कर जाएगा। पांच दिन से प्रदूषण का स्तर 250 को पार कर रहा है, जो सेहत के लिए हानिकारक है। वायु प्रदूषण के चलते सुबह सैर करने वाले लोगों की संख्या में कमी आ रही है। सुबह एक्यूआई अधिक दर्ज किया जाता है। हवा प्रदूषित होने के कारण लोग पार्कों में कम आ रहे हैं।
वीरवार को प्रदूषण का स्तर करीब 280 दर्ज किया गया था। बुधवार को एक्यूआई 252, मंगलवार को 322 दर्ज किया गया था। मंगलवार को इस सीजन का सबसे अधिक एक्यूआई था। ऐसा ही चलता रहा तो ग्रैप की पाबंदी फिर से लागू हो सकती है।
पड़ोसी राज्य में पराली जलाए जाने के कारण एनसीआर एक बार फिर से गैस का चैंबर बन गया है। दीपावली के दिन हुई आतिशबाजी के कारण भी एक्यूआई बढ़ा था। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक बढ़ता प्रदूषण सेहत के लिए काफी चुनौतीपूर्ण स्थितियां पैदा कर सकता है। ऐसे में बचाव के उपाय करना जरूरी है।
अस्पताल में बढ़ रहे हैं मरीज
इस माह सिर्फ दो और तीन नवंबर को एक्यूआई 200 के नीचे दर्ज किया गया था। इसके बाद प्रदूषण का स्तर लगातार बढ़ता जा रहा है। वायु प्रदूषण बढ़ने से तमाम तरह की दिक्कतें होती हैं। अधिक खांसी आने, नाक और गले में जलन होने, सांस लेते समय तकलीफ, घर से बाहर सांस फूलने, अस्थमा अटैक आदि की समस्या बढ़ी है। इस समस्या से ग्रसित मरीज अस्पताल पहुंच रहे हैं।
-
दिनांक एक्यूआई
2 नवंबर 168
3 नवंबर 166
4 नवंबर 252
5 नवंबर 322
6 नवंबर 252
7 नवंबर 280
8 नवंबर 291
वर्जन:
जहां बड़े स्तर पर कूड़ा जलाने की सूचना मिल रही हैं, वहां संबंधित के खिलाफ नोटिस जारी किया जा रहा है। लोगों से अपील है कि प्रशासन का सहयोग करें। खुले में कूड़ा ना जलाएं।-हरीश, एसडीओ, हरियाणा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड।