फोटो : 12आरोपी, मुकेश कुमार। स्रोत : पुलिस
रेवाड़ी। थाना शहर रेवाड़ी पुलिस ने दिल्ली रोड शिव नगर कॉलोनी में एक जंगला-चौखट बनाने वाली फैक्ट्री का चोरी का सामान 80 हजार रुपये में खरीदने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस प्रवक्ता की तरफ से जारी विज्ञप्ति में बताया गया कि गत 12 जुलाई को टीपी स्कीम निवासी जोनी जैन ने अपनी शिकायत में कहा था कि उसने शिव नगर पार्ट-2 में एल्यूमिनियम के जंगले-चौखट बनाने की फैक्ट्री की हुई है। उसकी फैक्ट्री में राजस्थान के जिला खैरथल तिजारा के गांव झिरंडिया निवासी सुनील व सचिन काम करते हैं।
दोनों कर्मचारी मिलकर फैक्ट्री से 40 एसीपी सीट, 10 जाली, एल्यूमिनियम का सामान व स्क्रैप चोरी कर ले गए। पुलिस ने थाना शहर में चोरी का मामला दर्ज करके तीन आरोपी सुनील, सचिन व नितेश को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सामान को बेच कर प्राप्त की गई रकम में से 90 हजार रुपये की राशि, साढ़े पांच किलोग्राम स्क्रैप व वारदात में प्रयोग की गई एक बाइक को बरामद किया था। पुलिस द्वारा पूछताछ में आरोपी सुनील व सचिन ने बताया था कि 40 एसीपी सीट, 10 जाली व अन्य एल्यूमिनियम को उन्होंने मुकेश को 80 हजार रुपये में बेचा था।
पुलिस ने आरोपी मुकेश कुमार से सामान को बेच कर प्राप्त की गई रकम में से 80 हजार रुपये की राशि बरामद की है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश करके न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान मोहल्ला शांति नगर निवासी मुकेश कुमार के रूप में हुई है। पुलिस इस मामले में तीन आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।