ज्वेलर की दुकान में सीसीटीवी में कैद शातिर
रेवाड़ी। भैरू चौक स्थित जैनी ज्वेलर्स की दुकान पर दिनदहाड़े दो शातिर युवक गहने खरीदने के बहाने दुकान में आए और करीब नौ लाख के आभूषण लेकर फरार हो गए। संचालक सौरभजीत ने बताया कि शनिवार दोपहर उनके पिता विजय जैन दुकान पर थे।
इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवक दुकान पर पहुंचे। पहले उन्होंने 450 रुपये नकद देकर एक ताबीज खरीदा। इसके बाद उन्होंने सोने के टॉप्स दिखाने की मांग की। विजय जैन ने अलमारी से टॉप्स निकालकर उन्हें दिखाए लेकिन आरोपियों ने पूरा बॉक्स सामने रखने को कहा।
जैसे ही दुकानदार ने बॉक्स उनके सामने रखा आरोपियों ने बातों में उलझाकर उनका ध्यान भटका दिया और बॉक्स में रखे करीब 60 ग्राम सोने के आभूषण चोरी कर लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों युवक गहने पसंद न आने की बात कहकर वहां से से फरार हो गए।
इस घटना का खुलासा रविवार शाम को हुआ जब एक परिचित व्यक्ति गहने खरीदने के लिए दुकान पर पहुंचा। बॉक्स चेक करने पर उसमें गहने गायब मिले। इसके बाद परिवार ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली जिसमें दोनों युवक चोरी करते हुए नजर आए।
फुटेज में साफ दिख रहा है कि कैसे दोनों ने सुनियोजित तरीके से दुकानदार का ध्यान भटकाकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस वारदात के बाद शहर के ज्वेलर्स में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जल्द ही खुलाशा की बात कही है।