वार्ड-16 में मंगलवार की रात को 10वीं कक्षा के एक छात्र पर चाकू से जानलेवा हमला करने की वारदात में शामिल दोनों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान चांद कॉलोनी निवासी तनुज व भूप विहार निवासी बिल्ली उर्फ मनीष के रूप में हुई है।
धारूहेड़ा के वार्ड-16 की चांद कालोनी निवासी भानाराम ने बताया कि वह पिकअप गाड़ी चलाते हैं। उनके बेटे रोहित ने 10वीं कक्षा की परीक्षा दी हुई है और वर्तमान में घर पर ही रहता है। मंगलवार को रोहित को पिकअप के साथ कंपनी भेजा था और रात करीब नौ बजे लौटा था। रात को खाना खाने के बाद वह घर से बाहर घूमने के लिए चला गया। काफी देर तक जब रोहित वापस नहीं लौटा तो उन्होंने मोबाइल पर संपर्क किया लेकिन उसने फोन नहीं उठाया। कुछ देर बाद रोहित रोते हुए लहूलुहान हालत में घर पहुंचा। उसके शरीर पर कई जगह चोट लगी हुई थी।
रोहित ने बताया कि उसे चांद कॉलोनी निवासी तनुज व भूप विहार निवासी बिल्ली उर्फ मनीष ने मिलने के लिए बुलाया था। तीनों खेतों की तरफ घूमने के लिए गए थे। ौटते समय तनुज व बिल्ली ने अचानक उस पर चाकू से वार करने शुरू कर दिए। राहगीरों ने रोहित को उनके चुंगल से छुड़ाया। परिजनों ने रोहित को रेवाड़ी स्थित ट्रामा सेंटर लेकर पहुंचे लेकिन हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने रोहतक पीजीआई के लिए रेफर कर दिया। परिजनों ने रोहित को फिलहाल शहर के ही एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस ने भानाराम की शिकायत पर दोनों आरोपियों के खिलाफ 323, 324, 506 व 34 आईपीसी की धारा के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।
मामले में दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है। करीब चार साल पूर्व रोहित ने तनुज की आंख में फुलझड़ी लगा दी थी। जिसके चलते इन दोनों वारदात को अंजाम दिया।
- विजेंद्र सिंह, थाना प्रभारी, धारूहेड़ा