संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। गांव फिदेड़ी में गोरक्षक बलिदानी देवेंद्र यादव उर्फ सोनू सरपंच की स्मृति में रक्तदान शिविर एवं श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। शिविर में 72 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने बलिदानी सोनू सरपंच के परिवारजनों को सम्मानित भी किया।
गांव फिदेड़ी में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे मुख्य अतिथि विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने आयोजकों की ओर से स्वागत किया। रेवाड़ी विधायक ने सर्वप्रथम गोभक्त बलिदान देवेंद्र यादव उर्फ सोनू सरपंच सहित शहीद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस अवसर पर आगामी चार अगस्त को गोरक्षक देवेंद्र यादव की वर्षगांठ गांव में मनाए जाने का निर्णय लिया गया। मंच संचालन पूर्व जिला पार्षद अमित यादव व समाजसेवी रविंद्र आशावादी ने किया।
विधायक लक्ष्मण यादव ने गोभक्त बलिदानी देवेंद्र यादव यादव के परिवारजनों को सम्मानित करते हुए कहा कि धन्य हैं वो माता-पिता, जिन्होंने ऐसे देशभक्त पुत्र को जन्म दिया। उन्होंने रक्तदाताओं को भी सम्मानित करते हुए कहा कि रक्तदान करना एक पुण्य का कार्य है। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए साध्वी पुष्पा शास्त्री ने कहा कि यह भूमि बलिदानियों की है। गोमाता एवं भारत माता की रक्षा के लिए यहां का युवा सदैव तत्पर रहता है।
इस मौके पर स्वतंत्रता सेनानी जयमल, सोनू सरपंच के पिता पूर्व सरपंच शीशराम, माता कौशल्या देवी, पत्नी मनीषा, पुत्र कार्तिक व बेटी खुशी समेत गांव के सरपंच लाल सिंह, भाजपा रेवाड़ी मंडल अध्यक्ष दीपक मंगला, दयाराम आर्य, नवीन यादव आदि मौजूद रहे।