अमर उजाला फाउंडेशन व लायंस क्लब द्वारा बार एसोसिएशन रेवाड़ी के सहयोग से शनिवार सुबह 10 बजे मॉडल टाउन स्थित लायंस भवन में रक्तदान शिविर लगेगा। लायंस क्लब के प्रधान आलोक सिंघल ने बताया कि शिविर का शुभारंभ सहकारिता मंत्री डॉ. बनवारी लाल व विधायक लक्ष्मण यादव करेंगे। इस दौरान सिविल सर्जन डॉ. कृष्ण कुमार बतौर विशिष्ट अतिथि व बार एसोसिएशन के प्रधान सुधीर यादव मौजूद रहेंगे।
डॉ. नीतू सिंह के अनुसार एक सामान्य व्यक्ति के शरीर में 10 यूनिट (5-6 लीटर) रक्त होता है। जबकि रक्तदान में महज एक यूनिट रक्त ही लिया जाता है। एक बार रक्तदान करने से चार लोगों की जिंदगी बचाई जा सकती है। चिकित्सकों के अनुसार 18 से 60 वर्ष की आयु तक का कोई भी व्यक्ति रक्तदान कर सकता है। रक्तदाता का वजन, रक्तचाप, शरीर का तापमान आदि सामान्य पाए जाने पर ही रक्तदान किया जा सकता है। पुरुष 3 महीने और महिलाएं 4 महीने के अंतराल में नियमित रक्तदान कर सकती हैं। रक्तदान से हार्ट अटैक, मधुमेह, कैंसर जैसी बीमारियाें की आशंका कम होती है।