रेवाड़ी। जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में शुक्रवार को हुई डीपीआईयू समीक्षा बैठक में निपुण हरियाणा मिशन की प्रगति की समीक्षा की गई। आगामी कार्ययोजना पर चर्चा की गई। इसमें ब्लॉक अधिकारियों को एक-एक विद्यालय गोद लेकर उसके अधिगम स्तर को सुधारने का निर्देश दिया गया।
बैठक की अध्यक्षता जिला शिक्षा अधिकारी सुभाष चंद्र यादव ने की। इसमें जिला समन्वयक चरण सिंह ने 25 अगस्त को पंचकूला में सम्पन्न राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक के निर्णयों व कार्ययोजना का प्रस्तुतीकरण किया। इसमें निपुण लक्ष्यों (कक्षा 1 से 3) के कार्यालयों व कक्षाओं में प्रदर्शन, ब्लॉक स्तर पर स्टार शिक्षक और स्टार मेंटर ऑफ द मंथ की घोषणा, अधिगम परिणाम सुधार की रिपोर्ट शामिल रही।
जिला शिक्षा अधिकारी ने पीटीआर वाले 20 विद्यालयों को मॉडल डेमोस्ट्रेशन स्कूल के रूप में चयनित कर उनमें सर्वोत्तम प्रथाओं का प्रदर्शन करने और 20 न्यूनतम प्रदर्शन करने वाले विद्यालयों को विशेष शैक्षणिक सहयोग प्रदान करने का निर्देश दिया।
ब्लॉक अधिकारी को एक-एक विद्यालय गोद लेकर उसके अधिगम स्तर सुधारने का निर्देश दिए गए। यह भी निर्णय लिया गया कि विद्यालय विजिट और कक्षा अवलोकन के मासिक लक्ष्यों की अनुपालना और विजिट की प्रामाणिकता सुनिश्चित करने के लिए विद्यालय प्रांगण में रियल टाइम फोटोग्राफी अनिवार्य की जाएगी।
शिक्षण अधिगम उपकरण संग्रह किट वीडियो प्रतियोगिता, निपुण रामलीला, निपुण हरियाणा मासिक पत्रिका हेतु जिला समिति गठन और मिशन के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को अधिक से अधिक शिक्षकों एवं अधिकारियों से जोड़ने जैसे बिंदुओं पर भी चर्चा हुई।
जतिन ने कक्षा 2 एवं 3 के जनगणना आकलन में जिले की भागीदारी संबंधी जानकारी साझा की। बैठक में सभी खंड शिक्षा अधिकारी, डाइट फैकल्टी, जिला परियोजना समन्वयक कार्यालय स्टाफ,डीएमएस और ब्लॉक समन्वयक उपस्थित रहे।