महाराजा अग्रसेन पब्लिक स्कूल का उद्घाटन करते विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता।
- फोटो : Rewari
विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रहे स्वच्छता अभियान ने देश व प्रदेश की तस्वीर बदलने का काम किया है। बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान की वजह से आज हरियाणा का लिंगानुपात 833 से सुधरकर 925 से अधिक हो गया। उन्हाेंने कहाकि ये साबित करता है कि प्रधानमंत्री मोदी के अभियानों में जन सहभागिता लगातार बढ़ रही है।
गुप्ता रविवार को महाराजा अग्रेसन पब्लिक स्कूल के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर उन्हाेंने छात्रों और युवाओं से केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा चलाए जा रहे सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों को भागीदारी करने की अपील की। इससे पूर्व विधान सभा अध्यक्ष ने स्कूल में नवनिर्मित प्रशासनिक ब्लॉक का उद्घाटन करते हुए समारोह में होनहार स्कूली छात्रों को सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि छात्रों को किताबी ज्ञान के साथ -साथ समाज सेवा और देश भक्ति से ओत-प्रोत शिक्षा देने की जरूरत है। इससे स्कूल की गरिमा बढ़ेगी और छात्र अपने जीवन में उत्कृष्ट कार्य करने में सफल होंगे। उन्होंने महाराजा अग्रसेन पब्लिक स्कूल प्रबंधन को अपने कोष से 11 लाख रुपये देने की घोषणा की।