कसौली गांव में ग्रामीणों को सम्बोधित करते हुए हरियाणा के जनस्वास्थ्य मंत्री डॉ.बनवारी।
- फोटो : Rewari
जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री डॉ. बनवारी लाल ने कहा है कि प्रदेश में अब विपक्ष नाम की कोई चीज नहीं रह गई है और विपक्ष की एकता भी पूरी तरह खत्म हो चुकी है तथा माहौल पूरी तरह भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में हैं, जिससे यह तय है कि विधानसभा चुनाव में बीजेपी ही अपना परचम फहराएगी। डॉ. बनवारी लाल वीरवार को बावल विधानसभा के गांव कसौली के राजकीय माध्यमिक विद्यालय की चारदीवारी का शिलान्यास करने के बाद जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि बीजेपी में शामिल होने वाले तथा टिकट मांगने वालों की लंबी लाइन है और प्रजातंत्र में सभी को टिकट मांगने का अधिकार है। देश और प्रदेश में बीजेपी का एक बड़ा जनाधार है, जिससे हर किसी को यह लगने लगा है जिसे भी बीजेपी की टिकट मिलेगी, वही विधायक बन जाएगा। ऐसे में टिकट पाने वालाें की लाइन लगना स्वाभाविक है। उन्होंने कहा कि मैंने पांच सालों में जो विकास कार्य अपने इलाके में करवाए हैं, वह किसी से छिपे नहीं है। उन्होंने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी और सीएम मनोहर लाल के नेतृत्व में पिछले 5 सालों के दौरान देश और प्रदेश में जो विकास कार्य हुए हैं, वह सबके सामने हैं। माहौल पूरी तरह बीजेपी के पक्ष में है।
इस मौके पर डॉ. बनवारी लाल ने कसौली गांव में विकास कार्यों के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा की।