रेवाड़ी। नगर परिषद चुनाव के दौरान पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में भाजपा ने दो निवर्तमान चेयरमैन और 13 कार्यकर्ताओं को पार्टी से 6 वर्षों के लिए निष्कासित किया है।
भाजपा की ओर से आदेश में कहा गया है कि संबंधित कार्यकर्ताओं ने नगर परिषद चुनाव के दौरान पार्टी की नीतियों और निर्देशों की अवहेलना करते हुए पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्तता दिखाई। इसके चलते संगठन की छवि को नुकसान पहुंचा, जिसे गंभीरता से लेते हुए यह निर्णय लिया गया है।
निष्कासित किए गए नेताओं में धारूहेड़ा के निवर्तमान चेयरमैन कंवर सिंह और रेवाड़ी नगर परिषद की निवर्तमान चेयरपर्सन पूनम यादव, पूर्व पार्षद बलजीत यादव सहित कई प्रमुख नाम शामिल हैं। इनके अलावा अंजलि शर्मा, पूनम सतीजा, मनीष सैनी, राकेश बड़ीवाल, अनुराधा शर्मा, योगेश शर्मा, भवानी शंकर, बलवंत राय कौशिक, नवीन सैनी, सुधीर स्वामी, मनीष टिकानिया और अमृतकला टिकानिया को पार्टी से निष्कासित किया गया है।
भाजपा ने स्पष्ट किया है कि पार्टी अनुशासन सर्वोपरि है और किसी भी स्तर पर अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नगर परिषद चुनाव के मद्देनजर यह कार्रवाई पार्टी के भीतर अनुशासन बनाए रखने और बागी तेवर अपनाने वाले नेताओं को सख्त संदेश देने के उद्देश्य से की गई है। इस फैसले के बाद स्थानीय राजनीति में हलचल तेज हो गई है और आने वाले समय में इसके प्रभाव चुनावी नतीजों पर भी देखने को मिल सकते हैं।