धारूहेड़ा। केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि धारूहेड़ा में भिवाड़ी (राजस्थान) से आने वाले दूषित पानी और जलभराव की समस्या का समाधान प्राथमिकता है। इसको लेकर केंद्रीय मंत्रियों के साथ कई दौर की बैठकें कीं। हरियाणा सरकार ने इसके लिए बजट आवंटित किया है। जल्द ही दूषित पानी की निकासी की व्यवस्था की जाएगी।
केेंद्रीय मंत्री ने सेक्टर-6 स्थित सामुदायिक भवन के समीप भाजपा के चेयरमैन पद के प्रत्याशी अजय जांगड़ा के चुनावी कार्यालय का शुभारंभ करने के बाद ये बातें कहीं। इस दौरान हरियाणा सरकार के मंत्री राजेश नागर मौजूद रहे।
राव इंद्रजीत ने आगे आश्वासन दिया कि मास्टर प्लान के तहत धारूहेड़ा की सभी खस्ताहाल सड़कों का प्राथमिकता से पुनर्निर्माण करवाया जाएगा। चुनाव के बाद वह स्वयं नगर पालिका की कम से कम चार महत्वपूर्ण बैठकों में हिस्सा लेंगे ताकि हर सरकारी योजना की जमीनी प्रगति की वे व्यक्तिगत रूप से निगरानी कर सकें।