रेवाड़ी। जिला उपायुक्त अभिषेक मीना की ओर से एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) प्रक्रिया को लेकर बुलाई गई सर्वदलीय बैठक में कांग्रेस प्रतिनिधियों के शामिल नहीं होने पर भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. वंदना पोपली ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस दिन-रात वोट चोरी का आरोप लगाती है, लेकिन जब मतदाता सूची के पुनरीक्षण और मतदाताओं के अधिकारों से जुड़ी बैठक बुलाई गई तो पार्टी की ओर से कोई प्रतिनिधि शामिल नहीं हुआ।
डॉ. पोपली ने कहा कि निर्वाचन आयोग ने मतदाता सूची से नाम कटने वाले लोगों से दोबारा संपर्क करने का अवसर दिया है। प्रशासन ने सभी राजनीतिक दलों से बीएलए-1 और बीएलए-2 के माध्यम से सहयोग मांगा है, ताकि पात्र मतदाताओं के नाम नियमानुसार सूची में शामिल करवाए जा सकें।
उन्होंने सवाल उठाया कि छह बार विधायक रहे कैप्टन अजय यादव और एक बार विधायक रहे उनके पुत्र चिरंजीव राव अपनी पार्टी की ओर से किसी प्रतिनिधि को भी बैठक में नहीं भेज सके। उन्होंने कहा कि क्या कांग्रेस के लिए मतदाताओं के अधिकारों का महत्व केवल राजनीतिक बयानबाजी तक सीमित है?
भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि जब तथ्यों के साथ अपनी बात रखने और निर्वाचन प्रक्रिया में सहयोग करने का अवसर आता है तो कांग्रेस नदारद रहती है, जबकि बाहर रहकर आरोप लगाने में आगे रहती है। लोकतंत्र केवल भाषणों और आरोपों से नहीं चलता, बल्कि इसमें जिम्मेदारी निभाने और व्यवस्था में भागीदारी करने की जरूरत होती है।